Rahul Gandhi: पीएम मोदी ने जवानों को मजदूर बनाया, अब दो…

By: May 23rd, 2024 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — महेंद्रगढ़

हरियाणा के महेंद्रगढ़ में रैली करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के बॉर्डर की रक्षा हरियाणा के युवा करते हैं, बाकी प्रदेशों के युवा करते हैं। दिल में, खून में, डीएनए में आपके देशभक्ति है, लेकिन नरेंद्र मोदी जी ने पहली बार हिंदुस्तान के जवानों को मजदूर में बदल दिया है। राहुल ने कहा कि वे कहते हैं कि दो तरीके के शहीद होंगे। एक, सामान्य जवान या अफसर। उसके परिवार को पेंशन मिलेगी। शहीद का दर्जा मिलेगा। सारी सुविधाएं मिलेंगी। दूसरा, गरीब घर का बेटा, जिसे अग्निवीर नाम दिया है। इस अग्निवीर को न शहीद का दर्जा मिलेगा, न पेंशन मिलेगी, न सुविधा मिलेगी, न कैंटीन मिलेगी।

राहुल ने आरोप लगाया कि सेना इस योजना को नहीं चाहती है, ये पीएमओ से योजना बनाई गई है। उन्होंने वादा किया कि इंडिया गठबंधन सरकार आते ही अग्निवीर योजना को कूड़ेदान में फेंक देंगे। अगर हरियाणा का युवा शहीद होगा, चाहे वह कोई भी होगा, एक ही तरह के शहीद होंगे। उन्हें सारी सुविधाएं मिलेंगी। भारत सरकार सबके परिवारों को पेंशन देगी, शहीद का दर्जा सबको मिलेगा।

प्रियंका का वार, संविधान बदलने पर तुली भाजपा

एजेंसियां – रांची

कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को झारखंड के गोड्डा में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठे मामलों में फंसाते हुए जेल में डलवाने का आरोप लगाया। वहीं हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन को छोटी बहन और आदिवासी समाज की शक्ति बताते हुए प्रियंका ने कहा कि वे अपने पति और समाज की लड़ाई को बिना डरे आगे बढ़ा रही हैं। प्रियंका ने कहा कि भाजपा संविधान बदलने पर तुली हुई है।

पिछले 10 वर्षों में इसने संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के 70 करोड़ युवा बेरोजगार हैं, क्योंकि भाजपा ने देश की संपत्ति पूंजीपतियों को सौंप दी। प्रियंका ने कहा कि आपने देखा होगा कि आज क्या हो रहा है देश में, आपके मुख्यमंत्री जी चुनाव से पहले ही जेल में डाल दिए जाते हैं, फर्जी बयानों पर, फर्जी मुकदमों पर उन पर ऐसा केस डाला है, जो सच हो ही नहीं सकता।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App