महेश्वर और ब्रिगेडियर का कसूर क्या

By: May 4th, 2024 12:56 am

बंजार में विक्रमादित्य का हमला; बोले, एफेडेविट देें कंगना हारने के बाद मंडी में ही रहेंगी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू
मंडी लोकसभा क्षेत्र में आजकल ऐसा लग रहा है कि यहां चुनावी कार्यकम नहीं बल्कि किसी फिल्म की शूटिंग हो रही है। स्टेज पर पूरे फिल्मी तरीके से काम हो रहा हो। बंजार के कला केंद्र पहुंचे मंडी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज भाजपा का कार्यकर्ता भी दुखी है और मेरी संवेदना भी भाजपा कार्यकर्ता के साथ है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को टिकट क्यों नहीं दिया। इसका जवाब भी अब भाजपा के कार्यकर्ता चाहते हैं। पहले भी भाजपा की सरकार के समय कांग्रेस ने जीत हासिल की है और अब भी कांग्रेस ही जीत हासिल करेगी। विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रणौत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कंगना कुछ समय के लिए यहां आई हैं और क्या वो आपको एफिडेविट देने को तैयार है कि वो हारने के बाद भी मंडी के लोगो के लिए काम करेंगी या नहीं। उन्हें इतिहास का भी पता नही तो वो क्या जनता का दिल जीतेगी। उन्होंने कहा कि साल 2014 में मिली आजादी की इस बात को कहकर वो पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का भी अपमान कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को परमाणु शक्ति बनाया। लेकिन वो कहती है कि आजादी साल 2014 के बाद मिली है। ऐसे में पहले उन्हें इतिहास की जानकारी रखनी चाहिए और उसके बाद कार्यक्रम में अपनी बात रखनी चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम प्रदेश की जनता के मुश्किल समय के पारिवारिक सदस्य है और हर सुख दुख में साथ रहते है।

आपदा के दौर के दौरान जिला मंडी और कुल्लू में करोड़ो का नुकसान हुआ। तो पहले दिन ही सीएम आपके बीच आए और उन्हें राहत भी प्रदान की गई। उसके बाद घाटी की सडक़ों को भी सुधारा गया और आज जिला कुल्लू में लोग सामान्य जीवन जी रहे है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एन एच 305 के कार्य को भी पूरा किया जाएगा ताकि यहां ट्रैफिक की समस्या का सामना स्थानीय लोगो को नही करना होगा। इस स?क को एन एच ए आई के अंदर भी जल्द लाया जाएगा। वही, सांसद बनने के बाद मंडी संसदीय में पहला कार्य जलोड़ी जोत टनल के निर्माण का रहेगा और सतलुज तथा ब्यास बेसिन वैली को आपस मे जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। ताकि पर्यटन के माध्यम से लोगो को रोजगार सृजन में मदद मिल सके। वहीए बागा सराहन के मुद्दे को भी केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इसके अलावा देव समाज के लिए कांग्रेस सरकार ने हमेशा काम किया है। क्योंकि कुछ लोग आज हिंदुत्व का नाम लेकर लोगो को भ्रमित कर रहे है। उन्हें याद होना चहिए की कुल्लू और मंडी के देवी देवताओं को नजराना देने का काम कांग्रेस सरकार ने शुरू किया और देव समाज के लिए आलीशान भवन भी हर जिले में तैयार किया गया है। आज महिलाओं को सम्मान राशि देने का प्रयास भी कांग्रेस सरकार ने किया। इसके लिए कांग्रेस सरकार ने 800 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया है। 6 जून को इस योजना को फिर से प्रदेश में शुरू किया जाएगा।

बंजार की जनसभा में जमकर गूंजे जय श्रीराम के जयघोष
कुल्लू। लोकसभा चुनाव के चलते बंजार विधानसभा में आयोजित कांगे्रस के कार्यक्रम में पहली बार युवा नेताओं ने सहित पहुंचे हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जयश्री राम के उद्घोष लगाए। यहां जब कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह अपने संबोधन कर रहे थे तो अंत में जब विक्रमादित्य सिंह ने बोला कि बंजार वालों को…तो पीछे खड़े सभी कांग्रेस युवाओं सहित कार्यकर्ताओं ने जयश्री राम के उद्घोष लगाए। जो अब पूरे जिला में चर्चा का विषय बना हुआ है कि पहली बार कांग्रेस के किसी कार्यक्रम में इस तरह से चुनावों की वेला में जयश्री राम बोला गया है। गौर रहे कि विक्रमादित्य सिंह भी जब भी अपने पेज में कुछ भी लिखते तो वह जयश्री राम जरूर लिखते है। ऐसे में अपने बंजार दौरे के दौरान आयोजित जनसभा में भी उन्होंने जब अंत में बोला तो युवाओं ने जय श्री राम के उद्घोष लगाए। इससे साफ है कि कांग्रेस में भी हिंदू नेताओं की कमी नहीं है। जो अपने धर्म से बेहद लगाव रखते है। इस शब्द के उद्घोष से विक्रमादित्य सिंह व युवा नेताओं में हिंदुत्व कायम दिखा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App