शिमला पहुंचे कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप, संगठन को लेकर कही यह बात

By: Nov 25th, 2024 11:04 am

शिमला (टूटू): अखिल भारतीय कोली समाज पंजीकृत राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 10 नवंबर 2024 को कोली समाज भवन न्यू अशोक नगर दिल्ली में चुनाव का आयोजन हुआ। इस त्रि-वार्षिक चुनाव में हिमाचल प्रदेश से सोलन निवासी पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस चुनावी प्रक्रिया में भारत देश के 19 प्रदेशों से 45 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। अखिल भारतीय कोली समाज के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व में शिमला संसदीय क्षेत्र से दो बार सांसद रहे वीरेंद्र कश्यप का रविवार को शिमला आगमन पर कोली समाज के लोगों द्वारा जोरदार स्वागत अभिनंदन किया गया। प्रदेश कोली समाज के शिमला स्थित मुख्यालय कुमार हाउस में पहुंचने पर कोली समाज के प्रदेश अध्यक्ष अमर चन्द शलाठ की अगुवाई में राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारिओं एवं सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष का बुके और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश कोली समाज राज्य कार्यकारिणी के सदस्य, जिलों के जिलाध्यक्ष, महासचिव और समाज के अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अखिल भारतीय कोली समाज के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने इस दौरान देश व प्रदेश में कोली समाज को एक सूत्र में बांधने और संगठन को मजबूत करने की बात कही है। इन्होंने बताया कि समाज के लोगों ने इन्हें तीन वर्षों के लिए अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके लिए यह सभी स्वजातीय बंधुओं का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा कोली समाज पूरे भारत वर्ष में बसता है और विभिन्न कार्यों में लगा हुआ है। भारत वर्ष के करीब 20 राज्यों में कोली समाज की राज्य स्तरीय इकाइयां गठित हैं। कोली समाज की विभिन्न उपजातियां होते हुए भी हमने संगठित होकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक खास पहचान बनाई है। कोली समाज संगठन के सभी पूर्व राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्षों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इसे मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी इस संगठन के कई बार राष्ट्रध्यक्ष रहे चुके हैं उन्होंने भी देशभर में भ्रमण कर कोली समाज संगठन को सशक्त किया है। उन्होंने हमारे समाज से भारत का राष्ट्रपति बनकर एक नई पहचान बनाई है।

हिमाचल प्रदेश कोली समाज के पदाधिकारिओं ने पूर्व में अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं दो बार सांसद रहे वीरेन्द्र कश्यप को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर प्रदेश के समस्त स्वजातीय बंधुओं की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। समाज के लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष से उम्मीद जताई है कि कोली समाज के कमजोर, पीड़ित और शोषितों के हक अधिकार के मुद्दों को देश और प्रदेश सरकार के समक्ष मजबूती से उठाकर लोगों के अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष अमर चन्द शलाठ ने कहा कि प्रदेश कोली समाज संगठन में शीघ्र ही एक लाख सदस्यों को जोड़ा जाएगा। जिला खण्ड और पंचायत स्तर पर कोली समाज इकाईयों का गठन करके संगठन को मजबूती प्रदान की जाएगी। इन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के हित की लड़ाई एक बैनर तले लड़ी जाएगी। प्रदेश के करीब 23 संगठनों ने इसके लिए एक महापंचायत के गठन का निर्णय लिया है। इस दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति उप योजना कानून बनाने, एससी एसटी आयोग के कार्यलय को ऊना से शिमला स्थानांतरित करने, नौकरियों में आरक्षण लागू करने, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिनियम को सख्ती से लागू करने जैसे कई विषयों पर चर्चा परिचर्चा हुई।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कोली समाज के राज्य अध्यक्ष अमर चन्द शलाठ, राज्य महासचिव गोपाल झीलटा , पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं संरक्षक उत्तम सिंह कश्यप, लायक राम कश्यप, काहन सिंह चौहान, मेहर सिंह चौहान, मीर सुख आनंद, डॉक्टर तनु, प्रभा कुमारी, सीमा, जगदीश सिंह, रमेश पाल, बलबीर चौहान, जीत राम पंवर, राजेश कश्यप और चेत राम चौहान आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App