खेड़ा महाराज का स्थल बनाया दोपहिया वाहनों की पार्किंग

By: Apr 16th, 2025 12:10 am

कार्यालय संवाददाता-नाहन
नाहन शहर का ऐतिहासिक बड़ा चौक दोपहिया वाहनों की पार्किंग बनकर रह गया है। बाजार में प्रतिबंधित समय के बावजूद दोपहिया वाहनों की आवाजाही बदस्तूर जारी है। वहीं नाहन के आस्था के स्थल व नाहन नगर का प्रतीक खेड़ा महाराज के स्थान के सामने दोपहिया वाहनों का जमावड़ा लगातार लग रहा है। जिसके चलते आस्थावान जहां आहत हैं। वहीं बाजार में आने-जाने वालों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बड़ा चौक के राकेश गर्ग, प्रकाश, भुजिंद्र सिंह, राजकुमार इत्यादि ने बताया कि ऐतिहासिक बड़ा चौक में दोपहिया वाहनों की पार्किंग स्थली बनी हुई है। हालत यह है कि खेड़ा महाराज के स्थान को पूरी तरह से व्यापारिक गतिविधियों से पाट दिया गया है।

शहर के बुद्धिजीवी वर्ग का कहना है कि शहर के बाजार रियासतकालीन दौर से ही तंगहाल है। बाजार में प्रशासन ने भी ग्राहकों को सुगमता से खरीददारी के लिए प्रात: नौ बजे से सायं आठ बजे तक वाहनों की नो-एंट्री की हुई है। बावजूद इसके लगातार नियमों की अवहेलना हो रही है। दोपहिया वाहन चालक लगातार व्यस्तम बाजार में जान-माल की परवाह किए बैगर दोपहिया वाहनों को दौड़ा रहे हैं। नाहन शहर के बड़ा चौक, छोटा चौक, गुन्नूघाट, महलात घाटी, हिंदू आश्रम रोड तमाम स्थल हैं जोकि दोपहिया वाहनों के लिए एंट्री प्वाइंट हैं। वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि कई मर्तबा पुलिस व प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है। पुलिस कुछ समय सख्ती करती भी है, मगर स्थानीय लोग प्रशासन से फिर सख्ती में ढील बरतने के लिए गुहार लगाते हैं। नतीजतन वही पुराना ढर्रा जारी रहता है। वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि कई मर्तबा तंगहाल बाजार में दोपहिया वाहन बुजुर्ग, महिलाओं व बच्चों को चोटिल कर चुके हैं। बाजार में खरीददारी करते हुए हमेशा दोपहिया वाहनों से चोटिल होने का खौफ रहता है। खरीददारी निश्चितंता से नहीं हो पा रही है। वहीं प्रशासन से आग्रह है कि प्रतिबंधित समय में किसी भी तरह से दोपहिया वाहन चालकों को बाजार में छूट न दी जाए। वहीं खेड़ा महाराज के स्थल को पार्किंग स्थल न बनाया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App