मेरे शहर के 100 रत्न स्कॉलरशिप प्रोग्राम लांच

By: Apr 1st, 2025 10:22 pm

शिमला में क्रैक अकादमी की शुरुआत, बच्चों को दी जाएगी प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

प्रदेश के मेधावी छात्रों के लिए अच्छी खबर है। मंगलवार को शिमला पहुंचीं क्रैक अकादमी की टीम ने मेरे शहर के 100 रत्न स्कॉलरशिप प्रोग्राम लांच करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मेरे शहर के 100 रत्न योजना की शुरुआत की थी। इस पहल के तहत प्रदेशभर के 6,800 छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस योजना के तहत क्रैक अकादमी हर विधानसभा क्षेत्र से 100 मेधावी छात्रों को मुफ्त कोचिंग देगी। इस पूरी योजना में लगभग 34 करोड़ रुपए खर्च होंगे। क्रैक अकादमी के फाउंडर और सीईओ, नीरज कंसल ने बताया कि शिक्षा ही सफलता की चाबी है। प्रदेश सरकार के साथ हमारी यह साझेदारी राज्यभर के छात्रों के लिए एक महत्त्वपूर्ण कदम है। यह सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को सशक्त बनाने, बाधाओं को दूर करने और उनके भविष्य को संवारने का अवसर है।

हम छात्रों से आग्रह करते हैं कि वे इस सुनहरे मौके का पूरा लाभ उठाएं और अपने करियर को मजबूती से आगे बढ़ाएं। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों और कालेजों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कक्षा छठी और उससे ऊपर के छात्र भाग ले सकेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से टॉप 100 छात्रों को मुफ्त कोचिंग मिलेगी, जबकि अगले 200 छात्रों को 75 फीसदी और उसके बाद के 500 छात्रों को 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। क्रैक अकादमी इन छात्रों को उनके लक्ष्य प्राप्त करने तक मार्गदर्शन देगी। राज्य सरकार इस योजना को सफल बनाने में क्रैक अकादमी को पूरा सहयोग देगी। अकादमी टेस्ट पेपर तैयार करेगी, जबकि परीक्षा की निगरानी शिक्षा विभाग करेगा।

रिज पुस्तकालय की मंैटेनेंस का खर्चा भी उठाऐंगे

क्रैक अकादमी शिमला के रिज पर स्थित पुस्तकालय के नवीनीकरण और रखरखाव पर 1.5 करोड़ रुपए खर्च करेगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस इमारत की ऐतिहासिक विरासत को बनाए रखते हुए इसे आधुनिक तकनीक से लैस किया जाए, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। स्कॉलरशिप प्रोग्राम के अलावा, क्रैक अकादमी राज्य की देखरेख में रह रहे 4,500 अनाथ बच्चों को भी सहयोग दे रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App