धर्मशाला में सरकार…जमीन पर पुलिस, आसमान में ड्रोन

By: Nov 26th, 2025 12:07 am

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए पुलिस की कड़ी सुरक्षा; चप्पे-चप्पे पर खाकी तैनात, सीसीटीवी से हर हरकत पर नजर

स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
विधानसभा के शीतकालन सत्र के लिए आज मंगलवार को प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक व अफसरशाही धर्मशाला में पहुंच गई। इसके साथ ही धर्मशाला से तपोवन तक चप्पे-चप्पे में एक सौ के करीब पुलिस अधिकारियों की निगरानी में एक हज़ार के करीब पुलिस जवान तैनात कर दिए गए। विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा की अगुवाई करने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक डीजीपी आईपीएस अशोक तिवारी खुद मौके पर पहुंचे हुए हैं। डीजीपी की ओर से पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठकें आयोजित की जा रही है, जबकि दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। डीजीपी खुद विधानसभा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। वहीं, नेताजी सुभाष चं्रद बोस पुलिस मैदान धर्मशाला में पुलिस विभाग कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर सिंह की ओर से ब्रिफिगं कर जवानों को सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया। विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होगी।

10 सेक्टर में जवानों ने संभाला मोर्चा
धर्मशाला के तपोवन में 26 नवंबर से पांच दिसंबर तक आयोजित होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए मंगलवार से जवान धर्मशाला, तपोवन व प्रतिनिधियों के ठहरने वाले स्थानों को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। विधानसभा के आयोजन स्थल के आसपास कुल 10 सेक्टर बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। सरकार के नुमांइदों से मिलने आने वाले जनप्रतिनिधियों व लोगों को भी पहले जोरावर सिंह मैदान में ही रोका जाएगा। पास मिलने के बाद ही निर्धारित लोगों को प्रवेश प्रदान किया जाएगा। इस बारे में एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से धर्मशाला को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

सुबह आठ से शाम आठ बजे तक मालवाहक वाहनों की नो एंट्री
तपोवन विधानसभा परिसर में आयोजित होने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान जिला मुख्यालय धर्मशाला के बाजार में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक बड़े माल वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान बड़े वाहनों से सामान की लोडिंग-ऑनलाडिंग नहीं की जाएगी। जानकारी के अनुसार विधानसभा सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है। जिसके तहत धर्मशाला शहर से लेकर सर्किट हाउस, कचहरी अड्डा, कोतवाली बाजार, दाड़ी, शीला चौक, सिद्धपुर, योल व तपोवन विधानसभा परिसर तक सडक़ किनारे किसी प्रकार के वाहन को पार्क करना पूरी तरह से निषेध रहेगा। इसके साथ ही कोतवाली बाजार से खनियारा रोड़ वाहनों के जाने के लिए वन-वे रहेगा। जबकि शहर में प्रवेश करने के लिए आने वाले वाहनों को कोतवाली बाजार के स्थान पर बाबा मेडिकल रोड़ का उपयोग करना होगा। विधानसभा सत्र को लेकर शहर में सुरक्षा-व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है। जिसके तहत सोमवार को पुलिस विभाग के विभिन्न जिलों के पुलिस जवान धर्मशाला पहुंच गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App