शिलाई कालेज में एनसीसी सब-यूनिट का उद्घाटन

By: Nov 26th, 2025 12:06 am

कर्नल जेएस चौहान रहे मुख्यातिथि, कालेज प्राचार्य ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
स्टाफ रिपोर्टर-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में जिला सिरमौर के दूरदराज क्षेत्र स्थित राजकीय महाविद्यालय शिलाई में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई, जब हिमाचल एनसीसी बटालियन नाहन द्वारा महाविद्यालय में नई एनसीसी सब-यूनिट का औपचारिक उद्घााटन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य जेआर कश्यप ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन एनसीसी यूनिट शिलाई के एएनओ रामलाल ठाकुर ने अत्यंत प्रभावी रूप से किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस चौहान रहे।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शिलाई क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब एनसीसी के माध्यम से उन अवसरों तक पहुंच मिलेगी, जो उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कर्नल चौहान ने बताया कि एनसीसी कैडेटों को सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस सेवाओं में भर्ती के दौरान विशेष लाभ मिलते हैं। एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को चयन प्रक्रियाओं में प्राथमिकता दी जाती है। प्राचार्य जेआर् कश्यप ने एनसीसी बटालियन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि नई एनसीसी सब-यूनिट न केवल महाविद्यालय की प्रतिष्ठा को बढ़ाएगी, बल्कि विद्यार्थियों को अनुशासन और जिम्मेदारी का वातावरण प्रदान करेगी। कार्यक्रम में सहायक प्रो. अजय सिंह, सहायक प्रो. विद्या वर्मा, डा. संसार चंद, डा. सुजाता सहित कई गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App