नगरोटा सूरियां स्कूल की छात्रा ईशा जाएगी चीन
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान
निजी संवाददाता -नगरोटा सूरियां
पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगरोटा सूरियां की जमा दो की छात्रा ईशा ने सेवा पर्व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेकर पूरे भारत में प्रथम स्थान हासिल करके विद्यालय और प्रदेश का नाम चमकाया है । छात्र ने सितंबर माह में आयोजित सेवा पर्व प्रतियोगिता में भाग लिया था । प्रदेश स्तर पर प्रथम रहने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर 18 राज्यों के प्रतियोगी छात्रों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त किया। परिणाम स्वरूप उसका चयन चीन के हाइकु शहर में होने वाले प्रथम वेटलैंड स्कूल नेटवर्क एशिया सम्मेलन के लिए हुआ है। ईशा के साथ-साथ विद्यालय की अध्यापिका मीना रानी जो कि ईको क्लब के प्रभारी भी हैं, का भी चीन जाने के लिए चयन हुआ है ।
यह दोनों दिसंबर माह में 10 से 12 तारीख को होने वाले इस सम्मेलन में भाग लेंगे । प्रधानाचार्य हरभजन सिंह सोहल ने ईशा और उसके उसके माता.-पता को बधाई देते हुए बताया ईशा बहुत होनहार छात्र है जो की ग्राम पंचायत सुगनाडा से संबंधित है। विद्यालय को पर्यावरण मंत्रालय नई दिल्ली से इस चयन की जैसे ही सूचना मिली तो पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। समस्त अध्यापकों ,प्रबंधन समिति के प्रधान सतीश मैहरा, भाजपा नेता संजय गुलेरिया, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने ईशा को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। इससे पहले भी विद्यालय से बच्चों को केरल , आगरा नई दिल्ली जैसे स्थानों पर जाने का अवसर प्राप्त हुआ है। विद्यालय की तरफ से बच्चों को सभी तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए समय समय पर प्रेरित किया जाता रहा है। प्रधानाचार्य ने बताया कि ईशा की चीन यात्रा के लिए जरूरी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। पूरे देश से केवल एक ही बच्चे का चयन किया गया है। पीएमश्री विद्यालय नगरोटा सूरियां जमा दो की छात्रा ईशा जाएगी चीन ईशा ने नगरोटा सूरियां ,अपने माता-पिता के अलावा विद्यालय व गुरुजनों का नाम रोशन किया है। विद्यालय में उसका जोरदार स्वागत किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
