जल्द भारत के दौरे पर आ सकते हैं नेतन्याहू, अधिकारी कर रहे दौरे को लेकर बातचीत

By: Nov 26th, 2025 11:03 am

तेल अवीव। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जल्द भारत के दौरे आ सकते हैं। नेतन्याहू के कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि उनके ( नेतन्याहू) भारत दौरे के लिए नई तारीख तय करने को लेकर भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत की जा रही है। गौरतलब है कि दिल्ली में लाल किले के पास हुए आत्मघाती कार विस्फोट के बाद नेतन्याहू दौरा टाल दिया गया था। दौरे के टलने के बावजूद नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा था कि भारत के साथ इज़रायल का रिश्ता मज़बूत है।

नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री (नेतन्याहू) को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा पर ‘पूरा भरोसा’ है। सोशल मीडिया एक्स पर इज़रायली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने कहा, “भारत के साथ इज़रायल का रिश्ता और प्रधानमंत्री नेतन्याहू और भारतीय प्रधानमंत्री के बीच रिश्ता बहुत मज़बूत है। श्री नेतन्याहू को श्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा पर पूरा भरोसा है, और टीमें पहले से ही दौरे की नयी तारीख तय कर रही हैं।”

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 10 नवंबर को हुए आत्मघाती कार विस्फोट के बाद इज़रायली प्रधानमंत्री का दिसंबर में होने वाला दौरा टाल दिया गया था। लाल किला के पास हुए विस्फोट में 15 लोग मारे गए थे और 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए थे। इससे पहले नेतन्याहू जनवरी 2018 में भारत के आधिकारिक दौरे पर आए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App