सिर्फ अंग्रेजी नहीं, नई भाषाएं बनाएंगी आपकी पहचान
आज की तेज रफ्तार दुनिया में सिर्फ अंग्रेजी बोलना ही सफलता की गारंटी नहीं है। अगर आप भीड़ से अलग दिखना चाहते हैं और अपने करियर में नया मुकाम हासिल करना चाहते हैं, तो रेयर लैंग्वेज सीखना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। ये भाषाएं न केवल आपकी पहचान को अनोखा बनाती हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नए अवसरों के द्वार खोलती हैं। साथ ही, इनसे आप अच्छी कमाई के साथ-साथ एक अलग सांस्कृतिक अनुभव भी प्राप्त कर सकते हैं…
इसलिए सीखें रेयर लैंग्वेज
अब हर कंपनी ग्लोबल हो चुकी है। बड़ी-बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियां ऐसे लोगों की तलाश में रहती हैं, जो विदेशी क्लाइंट्स से उनकी भाषा में बात कर सकें। अगर आप किसी ऐसी भाषा के एक्सपर्ट हैं, जो ज्यादातर लोगों को नहीं आती, तो आपकी डिमांड अपने आप बढ़ जाती है। जापानी, कोरियाई, अरबी, स्पैनिश और रूसी जैसी भाषाएं आजकल सबसे ज्यादा कमाई वाली भाषाओं में गिनी जाती हैं।
तेजी से बदलती दुनिया में नौकरियां भी बदल रही हैं। किसी जमाने में भाषा की खोज संचार के लिए हुई थी लेकिन आज के समय में भाषा सीख कर ही लोग अच्छा पैसा कमा रहे हैं। अगर आप भी करियर के बारे में सोच रहे हैं तो विदेशी भाषा सीखकर आप अपना करियर बना सकते हैं। 12वीं के बाद विदेशी भाषा सीखकर आप दुनियाभर में नौकरी पा सकते हो। मल्टीनेशनल कंपनी से लेकर सरकारी डिपार्टमेंट्स तक विदेशी भाषा के जानकारों की डिमांड पिछले कुछ समय में बहुत ज्यादा बढ़ गई है। भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और दुनिया की सबसे बड़ी मार्केट है, इसलिए तेजी से विदेशी कंपनियां अपना बिजनेस भारत में बढ़ा रही हैं। इसके चलते ही यहां विदेशी भाषा की भी मांग बढ़ी है। हिंदी, इंग्लिश के अलावा फ्रेंच, जर्मन, मैंडरिन (चीनी), कोरियाई और स्पेनिश भाषा की डिमांड बहुत ज्यादा बढ़ गई है। अगर आप 12वीं के बाद कोई विदेशी भाषा सीखते हैं, तो आपके लिए इंटरनेशनल जॉब मार्केट में नौकरी के अवसर बढ़ जाते हैं।
शैक्षणिक योग्यता
आप स्कूली शिक्षा के दौरान कोई एक देशी या विदेशी भाषा एक विषय के रूप में पढ़ सकते हैं। 12वीं के बाद आप डिग्री डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते है जो कि 6, 9, 12, 18 माह या अधिक के भी हो सकते हैं। आप विभिन्न विश्वविद्यालयों से पार्ट टाइम या फुल टाइम सर्टिफिकेट कोर्स भी कर सकते हैं।
जरूरी कौशल
विदेशी भाषा पर कमांड और बेहतर कम्युनिकेशन स्किल इस क्षेत्र में कामयाबी के कई रास्ते दिखाती है। अगर अनुवादक बनना चाहते हैं तो विदेशी भाषा के साथ-साथ अंग्रेजी या हिंदी पर भी पकड़ होनी चाहिए। साथ ही उसका व्याकरण संरचना और उससे जुड़ी संस्कृति व इतिहास की भी जानकारी होनी चाहिए।
सीखने के लिए प्रमुख संस्थान
– दिल्ली विश्वविद्यालय एवं संघटक कालेज
– जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू)
– इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय
– बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी
– हैदराबाद विश्वविद्यालय, हैदराबाद
– रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, कोलकाता
– लैंग्मा स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज
– कोरिया कल्चरल सेंटर, जापान फाउंडेशन
करियर के विकल्प
विदेशी भाषाओं की डिमांड आज के समय में बहुत ज्यादा बढ़ गई है और इसमें अलग-अलग तरह के करियर विकल्प युवाओं के पास रहते हैं। अगर आप विदेशी भाषा सीख लेते हैं तो आप ट्रांसलेटर, इंटरप्रेटर, कंटेंट राइटर, भाषा विशेषज्ञ और कस्टमर सर्विस एक्सपर्ट जैसी नौकरी कर सकते हैं। बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम करने से लेकर, ट्रैवल और टूरिज्म, मीडिया, एजुकेशन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार जैसे क्षेत्रों में शानदार करियर विकल्प उपलब्ध हैं। इसके साथ ही कई सरकारी विभाग जैसे विदेश मंत्रालय, अनुवाद विभाग और खुफिया एजेंसियां भी विदेशी भाषाओं के विशेषज्ञों की मांग करती हैं। डिजिटल मार्केटिंग, मीडिया मैनेजमेंट के क्षेत्र में भी अवसर लगातार बढ़ रहे है। इन सबके अलावा कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं और एनजीओ भी समय-समय पर अलग-अलग भाषाओं के जानकारों के लिए नौकरी निकालते रहते हैं।
इन्हें सीखना फायदेमंद
जापानी भाषा: जापान दुनिया की बड़ी तकनीकी ताकत है। जापानी जानने वाले लोगों की जरूरत आईटी, इंजीनियरिंग और ट्रेड में हमेशा रहती है। जापान में या जापानी कंपनियों में आपको 10 से 20 लाख रुपए सालाना तक की सैलरी मिल सकती है।
कोरियाई भाषा: के-पॉप, के-ड्रामा और सैमसंग जैसी कंपनियों की वजह से कोरियाई भाषा आजकल ट्रेंड में है। कोरियाई भाषा सीखकर आप मीडिया, मार्केटिंग और मनोरंजन के क्षेत्र में काम पा सकते हैं।
अरबी भाषा: अरबी भाषा सीखने वालों के लिए गल्फ देशों में सुनहरे अवसर हैं। तेल, व्यापार और बिजनेस में अरबी जानने वालों को
बहुत अच्छा वेतन मिलता है- 15 से 25 लाख रुपए तक।
स्पैनिश भाषा: स्पैनिश दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। टूरिज्म, एयरलाइंस और इंटरनेशनल रिलेशन में स्पैनिश भाषा वाले लोगों की बहुत वैल्यू है।
रूसी भाषा: भारत और रूस के संबंध हमेशा मजबूत रहे हैं। रक्षा और व्यापार क्षेत्र में रूसी भाषा जानने वालों की अच्छी मांग है।
फील्ड के हिसाब से चुन सकते हैं कोर्स
अगर आप विदेशी भाषा सीख कर नौकरी पाना चाहते हैं तो आपको इसे किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ही सीखना होगा, क्योंकि जब आप जॉब के लिए अप्लाई करोगे, तो आपसे सर्टिफिकेट की मांग की जा सकती है। विदेशी भाषा सीखने के लिए अलग-अलग लेवल के सर्टिफिकेट कोर्स होते हैं। विदेशी भाषा के सर्टिफिकेट में आमतौर पर 6 लेवल होते हैं, जिन्हें ए1,ए2, बी1, बी2, सी1 और सी2 में बांटा गया है। आप जिस भी फील्ड में नौकरी करना चाहते हैं उसके हिसाब से कोर्स चुन सकते हैं। इसके अलावा आप विदेशी भाषा में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री और डिप्लोमा भी कर सकते हैं। देश में कई टॉप इंस्टीच्यूट ऐसे हैं जहां से आप यह कोर्स कर सकते हैं।
सैलरी
सैलरी कितनी होगी यह सवाल हर किसी के दिमाग में रहता है, क्योंकि सब ऐसी नौकरी ही करना चाहेंगे, जहां अच्छा पैकेज मिलता हो। विदेशी भाषा सीखकर आप कितना कमा सकते हो यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी भाषा की समझ कितनी अच्छी है और आप कितने अच्छे कम्युनिकेटर हैं। एक अनुमान के अनुसार, भारत में फॉरेन लैंग्वेज से जुड़ा काम करने वाला शख्स औसतन पांच से छह लाख रुपए कमा लेता है। अगर आप टूरिज्म इंडस्ट्री में जाते हैं तो घंटे के हिसाब से भी कमा सकते हैं। ट्रांसलेटर के तौर पर काम कर के भी महीना का 30 से 40 हजार रुपए असानी से कमा सकते हैं। मीडिया संस्थानों के साथ भी जुडऩा एक अच्छा विकल्प हो सकता है, जिसमें आपके अनुभव के आधार पर आप महीने के लाखों भी कमा सकते हो। अगर आप किसी मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते हो तो आपकी सैलरी और भी ज्यादा हो सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
