जल तरंग-जोश महोत्सव में रेडक्रॉस मेला रहा मुख्य आकर्षण

By: Nov 26th, 2025 12:05 am

डीसी राहुल कुमार बोले, सामाजिक सहभागिता और जनसेवा का दिखा अनोखा संगम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
जिला बिलासपुर में आयोजित जल तरंग-जोश महोत्सव 2025 का समापन हो चुका है। महोत्सव के दौरान लगाए गए रेडक्रॉस मेले ने इस पूरे आयोजन को नई ऊर्जा, व्यापक जनसहभागिता और विशिष्ट पहचान प्रदान की। महोत्सव के बाद जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जल तरंग जोश महोत्सव की सफलता में रेडक्रॉस मेले की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। रेडक्रॉस मेले का उद्देश्य मानव सेवा, स्वास्थ्य सुरक्षा, जनजागरूकता और संवेदनशील वर्गों के लिए सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाना था। जनसेवा, स्वास्थ्य शिविरों, रक्तदान, मनोरंजन और प्रदर्शनियों का यह अनूठा संगम महोत्सव का मुख्य केंद्र बना रहा। जिले के सभी विभागों द्वारा स्थापित ज्ञानवर्धक और जनहितकारी प्रदर्शनी स्टॉल मेले की विशेष आकर्षण का कारण रहे।

इन स्टॉल्स ने बिलासपुर में विकसित हो रहे सुशासन, सेवाभाव और जागरूकता की तस्वीर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। स्वास्थ्य एवं जनसेवा गतिविधियों के अंतर्गत वृद्धजनों एवं दिव्यांग व्यक्तियों हेतु विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए मेडिकल बोर्ड का आयोजन किया गया तथा अलिमको, मोहाली के सहयोग से सहायक उपकरणों का असेसमेंट कैंप भी संचालित किया गया। जिले के 75 सरकारी एवं निजी स्कूलों, आईटीआई बरठीं, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर, नर्सिंग संस्थान कोलवैली, गुरुकुल तथा जीवन ज्योति की जूनियर-यूथ रेडक्रॉस इकाइयों ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया। जीवन ज्योति नर्सिंग संस्थान ने स्वास्थ्य जांच शिविर में सेवा प्रदान की, जबकि अनेक शिक्षण संस्थानों ने डोनेशन फॉर ह्यूमैनिटी के तहत रेडक्रॉस के लिए दान राशि एकत्रित कर मानवता का उत्कृष्ट परिचय दिया। टोबा, मैथी, कुठेड़ा, अमरपुर, औहार, बडग़ांव, बड्डू दधोग, बाघेर, बाला, बल्ह चुरानी, बलग का घाट, बलोह, बरमाणा, डीएवी बरमाणा, बिलासपुर, घुमारवीं, हिम सर्वोदय घुमारवीं, मिनर्वा स्कूल घुमारवीं, आर्यन पब्लिक स्कूल बिलासपुर, बीपीएस स्कूल बिलासपुर, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल बिलासपुर सहित विभिन्न स्कूलों की सहभागिता ने मेले को और व्यापक बनाया। इसी क्रम में ठियोग स्कूल जिला शिमला के 45 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर आयोजन की पहुंच को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App