एसपी से मिले मृतक आशु पुरी के परिजन

By: Nov 26th, 2025 12:07 am

आशु पुरी के दोस्तों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने पर जताई आपत्ति

नगर संवाददाता – ऊना
लालसिंगी गोलीकांड मामले को लेकर मृतक आशु पुरी के परिजन व अन्य लोग एसपी ऊना से मिले। परिजनों ने पुलिस द्वारा की जा रही जांच पर असंतोष व्यक्त किया। वहीं आशु पुरी के 6 दोस्तों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने पर कड़ी आपत्ति भी जताई। परिजनों ने एसपी ऊना ने मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग उठाई। मृतक आशु पुरी के भाई मुकेश पुरी ने कहा कि पुलिस ने गोलीकांड मामले में गुरजीत मान सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है, जबकि उनके साथ अन्य युवक भी शामिल थे। पुलिस ने उन युवकों पर कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने आशु पुरी सहित उनके अन्य 6 दोस्तों पर ही हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने कहा कि आशु पुरी के दोस्तों ने बचाव करते हुए उक्त कदम उठाया है। इन युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि पुलिस का रवैया कहीं न कहीं पक्षपात पूर्ण दिखाइ दे रहा है। उन्होंने आशु पुरी हत्या को सोची समझी साजिश भी करार दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले की बारीकी से जांच करनी चाहिए।

जांच में जुटी हुई है पुलिस

उधर, एसपी अमित यादव ने कहा कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है। पुलिस वारदात में शामिल युवकों से कड़ी पूछताछ कर रही है। उन्होंने परिजनों को विश्वास दिलाया कि पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App