बीटेक के छात्रों की टेक्निकल गैलरी ने खूब खींचे दर्शक

By: Nov 26th, 2025 12:06 am

सुंदरनगर इंजीनियरिंग कालेज में टेक्नो-कल्चरल महोत्सव ट्वास्क-2025 का जिलाधीश अपूर्व देवगन ने किया आगाज

स्टाफ रिपोर्टर, सुंदरनगर
जवाहरलाल नेहरू राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय सुंदरनगर में शनिवार को दो दिवसीय टेक्नो-कल्चरल फेस्ट ट्वास्क-2025 का भव्य आगाज़ हुआ। तकनीकी नवाचार और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह आयोजन बीटेक के छात्रों को अपनी रचनात्मकता, कौशल और नवोन्मेष प्रस्तुत करने का सशक्त मंच प्रदान करता है। वर्ष 2006 में स्थापित प्रदेश का पहला सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज वर्तमान में मैकेनिकल, टेक्सटाइल, ईसीई, सिविल और कंप्यूटर साइंस एआई एवं एमएल सहित पांच शाखाओं में 1,400 से अधिक विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगुन मुख्य अतिथि और एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की ऊर्जा, तकनीकी दक्षता और नवाचार भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ट्वास्क जैसे कार्यक्रम युवाओं में समस्या-समाधान क्षमता और नवोन्मेषण को बढ़ावा देते हैं, जो राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कॉलेज के निदेशक-प्रधानाचार्य प्रो. राजीव खंडूजा ने कहा कि बहुआयामी कार्यक्रम छात्रों में नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल, टीमवर्क, रचनात्मकता और संचार कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो उन्हें प्रतिस्पर्धी पेशेवर दुनिया के लिए तैयार करते हैं। ट्वास्क समिति के अध्यक्ष डॉ. मृदुल शर्मा ने बताया कि फेस्ट में छात्रों की भागीदारी बेहद उत्साहजनक रही। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में योगदान देने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मैकेनिकल, टेक्सटाइल, ईसीई, सिविल और कंप्यूटर साइंस विभागों द्वारा विभिन्न तकनीकी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। मीडिया प्रभारी ई. विवेक शर्मा ने बताया कि फेस्ट में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई एक विशेष टेक्निकल गैलरी भी केंद्र में रही, जिसमें कई अभिनव मॉडलों को प्रदर्शित किया गया। प्रमुख प्रोजेक्ट में स्मार्ट कैप,स्नेक रोबोट,भूकंप-रोधी संरचनात्मक मॉडल,स्मार्ट हैंड स्पिनिंग मशीन,सतत शहरी विकास पर आधारित सिमुलेशन और ब्लॉकचेन आधारित प्लेटफॉर्म जो कार्बन क्रेडिट्स को डिजिटल टोकन में परिवर्तित करता है शामिल है। दर्शकों अतिथियों और संकाय सदस्यों ने इन मॉडलों की मौलिकता और सामाजिक उपयोगिता की भरपूर सराहना की। फेस्ट का सांस्कृतिक भाग भी खूब रंग बिखेर गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद गिद्धा और पहाड़ी नाटी जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। सोलो और ग्रुप गायन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में और भी रौनक भर दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App