ऊना में अतिक्रमण हटाने को सडक़ पर उतरा प्रशासन

By: Nov 26th, 2025 12:06 am

उपायुक्त, एसपी, नगर निगम ऊना ने दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया, दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी

नगर संवाददाता – ऊना
ऊना शहर में अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी सडक़ पर उतरे। मंगलवार को उपायुक्त ऊना, एसपी अमित यादव, नगर निगम अधिकारियों की टीम सहित रोटरी चौक से लेकर मेन बाजार तक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया। वहीं बाजार में सडक़ किनारे पार्क गाडिय़ों व दोपहिया वाहनों को हटाया गया। प्रशासनिक कार्रवाई होते देख कई दुकानदार स्वयं अपने सामान को सडक़ों पर से उठाते हुए देखे गए। वहीं जिन्होंने अपना सामान नहीं उठाया था, उन्हें जल्द सामान उठाने की सख्त चेतावनी भी दी गई। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारी और आधा दर्जन से अधिक पुलिस जवान भी टीम के साथ मौजूद रहे। डीसी जतिन लाल ने कहा कि मुख्य बाजार और हाईवे पर बढ़ती अव्यवस्था से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। डीसी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल और व्यापारी अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।

बाहरी लोगों के पंजीकरण को लेकर सख्ती

जतिन लाल ने बताया कि कई बाहरी लोग ऊना में व्यापार, फेरी लगाकर सामान बेचने या भीख मांगने जैसी गतिविधियाँ कर रहे हैं, लेकिन यह ध्यान में आया है कि उनमें से अनेकों का कोई पंजीकरण नहीं है। इसको देखते हुए नगर निगम को पंजीकरण अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी कड़ी करवाई

एसपी अमित यादव ने कहा कि शहर की अव्यवस्था को दूर करने के लिए सख्ती आवश्यक है। अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस और नगर निगम की टीमें जल्द ही चरणबद्ध तरीके से फील्ड में उतरेंगी और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App