25 और 45 दिन का फॉर्मूला लागू, जमाखोरों की खैर नहीं

By: Mar 29th, 2026 12:58 am

अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में दी जानकारी; बिलासपुर में 14 एजेंसियां संभाल रहीं मोर्चा, घबराने की जरूरत नहीं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – बिलासपुर
अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर ओम कांत ठाकुर की अध्यक्षता में शनिवार को व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण बारे राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के संबंध में जिला में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की विस्तृत समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि वर्तमान में जिला बिलासपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही गैस एजेंसियों को उनकी व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कुल दैनिक मांग का लगभग 50 प्रतिशत आबंटन किया जा रहा है।

राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति विभिन्न क्षेत्रों के लिए निर्धारित की गई है जिसमें शैक्षणिक संस्थानों एवं अस्पतालों के लिए 37 प्रतिशत, होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों के लिए 36 प्रतिशत, सामाजिक कार्यक्रमों एवं सभाओं के लिए 9 प्रतिशत तथा फार्मास्युटिकल उद्योग, सरकारी/पीएसयू/कॉरपोरेट/औद्योगिक इकाईयों एवं कैंटीन के लिए 9 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में जिले में 14 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं जो मांग के अनुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App