चक्कर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, शिमला में ई-मेल आने से पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा
कार्यालय संवाददाता-शिमला
राजधानी शिमला में चक्कर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को हडक़ंप मच गया। यह धमकी आधिकारिक ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। जानकारी के अनुसार यह धमकी ईमेल के जरिए प्राप्त हुई थी। इसमें कोर्ट परिसर में बम रखे होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। पुलिस ने अदालत भवन सहित आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई भी बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जांच पूरी होने के बाद अदालत परिसर में स्थिति सामान्य कर दी गई और कामकाज नियमित रूप से जारी रहा। पुलिस के अनुसार धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में बालूगंज थाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह ईमेल कहां से आई थी। वहीं न्यायालय में तलाशी के बाद फिर से पहले की तरह ही काम शुरू हो गया था। एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से कोर्ट परिसर सर्च अभियान शुरू किया गया है। इस मामले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
