F-16 के साए में जेडी वेंस की एंट्री, पाकिस्तान में अमरीकी उपराष्ट्रपति का एस्कॉर्ट VIDEO वायरल

By: Apr 12th, 2026 12:01 am

पाकिस्तान में अमरीकी उपराष्ट्रपति का एस्कॉर्ट वीडियो वायरल

एजेंसियां— इस्लामाबाद

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमरीका और ईरान के बीच एक बहुत बड़ी बातचीत शुरू हो गई है। यह 1979 के बाद दोनों देशों के बीच सबसे ऊंचे स्तर की सीधी बातचीत है। अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और खास दूत स्टीव विटकॉफ एक अमरीकी वायुसेना के विमान में पाकिस्तान पहुंचे। 1979 में ईरान में एक बड़ी क्रांति हुई थी, जिसमें वहां की सरकार पलट गई और एक इस्लामिक गणराज्य बना। उसके बाद से अमरीका और ईरान के बीच कोई सीधी आधिकारिक बात नहीं हुई।

दोनों देश एक-दूसरे के दुश्मन की तरह रहे। इसलिए आज की यह बातचीत इतिहास में दर्ज होने वाली है। जब यह विमान पाकिस्तान की हवाई सीमा में घुसा, तो पाकिस्तान के एफ -16 लड़ाकू विमानों ने इसे सुरक्षा घेरा देते हुए नूर खान एयरबेस तक पहुंचाया। यह एक खास और बड़ा इशारा था कि पाकिस्तान इस बातचीत को कितनी अहमियत दे रहा है। ईरान की तरफ से संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गलीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस बातचीत की अगवाई कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App