कोलकाता में चमके घुमारवीं के संजीव सोनी, फिल्म निर्देशक की लघु फिल्म ‘जस्ट लाइक यू एंड मी’ को द्वितीय पुरस्कार
स्टाफ रिपोर्टर— घुमारवीं
घुमारवीं के उभरते फिल्म निर्देशक संजीव सोनी ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी लघु फिल्म जस्ट लाइक यू एंड मी को कोलकाता में आयोजित ऑटिज़्म नैरेटिव्स पुरस्कार संध्या में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार मिला है। देशभर से आई 52 फिल्मों के बीच इस उपलब्धि ने हिमाचल प्रदेश और विशेषकर घुमारवीं क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। ऑटिज़्म जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित यह फिल्म समाज में जागरूकता और समावेशिता का मजबूत संदेश देती है।
भावनात्मक कहानी, प्रभावशाली अभिनय और सशक्त निर्देशन के चलते फिल्म को दर्शकों और निर्णायक मंडल दोनों से भरपूर सराहना मिली। निर्णायक मंडल में शामिल राजा सेन, सुदेशना रॉय, सुदीप्ता डे, सत्रुपा सान्याल, सतराजित सेन व स्मिता रॉय चौधरी ने फिल्म की प्रस्तुति की विशेष सराहना की। फिल्म में मुख्य भूमिका मोनिका शर्मा ने निभाई है, जबकि घुमारवीं के नॉप्स विद्यालय के बच्चों ने अपने सहज और भावनात्मक अभिनय से फिल्म को जीवंत बना दिया। छायांकन निर्देशक विवेक गर्ग रहे, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम शर्मा सहित पूरी टीम के योगदान को निर्देशक ने सराहा। संजीव सोनी ने इस सफलता का श्रेय अपनी पूरी टीम को दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

