दियोटसिद्ध मंदिर पहुंचे 25 हजार श्रद्धालु, बाबा जी के जयकारे गूंजे

By: Jun 8th, 2026 12:03 am

हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, दिल्ली और राजस्थान से आए श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर मांगा बाबा जी से आशीर्वाद, भजनों का भी खूब चला दौर

निजी संवाददाता – दियोटसिद्ध
उत्तरी भारत के सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को लगभग 25000 के करीब श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ की पवित्र गुफा के दर्शन किए। इस दिन हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात आदि देशों के अन्य राज्यों व विदेश से भी श्रद्धालु बाबा जी का आशीर्वाद लेने के लिए बाबा जी की नगरी दियोटसिद्ध पहुंचे। रोट प्रसाद, झोली-चिमटा, झंडा व बाबा जी का वस्त्र लेकर श्रद्धालु बाबा जी के दर पहुंचे। मनोकामना पूर्ण होने के बाद कई श्रद्धालु दंडवत होकर पहुंचे। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के सुविधा एवं स्वागत के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे। बताते चलें कि प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं कि सुविधा के लिए शनिवार रात्रि को मंदिर के कपाट बाबा जी के दर्शनों के लिए खुले रखे गए थे। रविवार सुबह 5 बजे सर्वप्रथम बाबा जी की प्रतिमा का स्नान करवाया गया।

गौर रहे कि प्रतिमा का सनान करवाने के लिए जो जल उपयोग किया जाता है वह मंदिर की नजदीकी बाबा जी की पवित्र बावड़ी से रोजाना सुबह 4 बजे के करीब मंदिर प्रशासन के कर्मचारी द्वारा लाया जाता है। स्नान करवाने के उपरांत बाबा जी की प्रतिमा का श्रृंगार किया गया। इसके बाद बाबा जी की प्रतिमा को रोट प्रसाद का भोग लगाया गया। सुबह करीब 5:15 बजे से सुबह 6 बजे तक बाबा जी की आरती की गई। बताते चलें कि आजकल बाबा जी की आरती रोजाना सुबह करीब 5:15 बजे से सुबह 6 बजे तथा शाम को 7:30 से 8:15 बजे तक की जाती है। आरती के बाद श्रद्धालुओं का बाबा जी की पवित्र गुफा के दर्शन करने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से लाइन में लगकर बाबा जी की पवित्र गुफा के दर्शन किए। श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन द्वारा रोजाना सुबह-शाम लंगर की भी व्यवस्था भी की जाती है। यही नहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा नौ सरायों का निर्माण करवाया गया है। वहीं बाबा जी के खूब जयकारे लगाए गए। अतिरिक्त मंदिर अधिकारी सूरम सिंह का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया जाता है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रशासन हर समय तैयार रहता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App