हमीरपुर में 12 केंद्रों पर 3085 उम्मीदवारों ने दी सेट की परीक्षा

By: Jun 8th, 2026 12:02 am

सुबह के सत्र में 3085 और शाम को 3073 अभ्यर्थी रहे उपस्थित

कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग एचपीपीएससी द्वारा रविवार को आयोजित स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट सेट की परीक्षा हमीरपुर में भी सभी आवश्यक प्रबंधों के साथ करवाई गई। एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने बताया कि इस परीक्षा के 4170 उम्मीदवारों के लिए हमीरपुर शहर और इसके आसपास के शिक्षण संस्थानों में 12 सेंटर बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि सुबह के सत्र के दौरान पेपर -1 में 3085 उम्मीदवार उपस्थित हुए। शाम के सत्र में 3073 उम्मीदवारों ने पेपर-2 दिया।

एडीसी ने बताया कि सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर इस महत्वपूर्ण परीक्षा को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए कड़े प्रबंध किए गए थे। इसके अलावा उम्मीदवारों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए विशेष बसों का प्रावधान भी किया गया था। अगर हम जिला मुख्यालय हमीरपुर स्थित पीएमश्री शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर की बात करें, तो यहां पर सेट की परीक्षा के लिए 410 अभ्यार्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 296 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंंचे, जबकि 114 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा केंद्र में कम्प्यूटर साइंस, इंग्लिश, फिजिकल साइंस और सोशोलॉजी के अभ्यार्थियों की परीक्षा सुबह 11 बजे से लेकर 12 बजे तक आयोजित की गई।

136 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे

राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बडू में सेट की परीक्षा के लिए 180 अभ्यार्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 145 अभ्यार्थियों ने सेट की परीक्षा में भाग लिया। जबकि 35 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए। गौत्तम कालेज ऑफ फार्मेसी हमीरपुर में सेट परीक्षा को लेकर 450 अभ्यार्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 314 अभ्यार्थियों ने परीक्षा मेंं भाग लिया, जबकि 136 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App