टेंट में रहने को मजबूर धवाला पंचायत का एक परिवार
पिछले साल बरसात के दौरान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ मकान, अभी तक नहीं मिली सुविधा
कार्यालय संवाददाता-देहरा गोपीपुर
विकास और जनकल्याण के दावों के बीच ग्राम पंचायत धवाला वार्ड नंबर 3 का एक परिवार आज भी बुनियादी सुविधा ‘छत’ के लिए संघर्ष कर रहा है। पंचायत के निवासी संजय कुमार का कच्चा मकान पिछले वर्ष बरसात के दौरान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। मकान ढहने के बाद से संजय कुमार का परिवार लगातार टेंट में रहने को मजबूर है और लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद उन्हें स्थायी आवास की सुविधा नहीं मिल पाई है। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के कारण संजय कुमार का कच्चा मकान अचानक ढह गया था। गनीमत रही कि परिवार किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन उनका आशियाना पूरी तरह तबाह हो गया।
तब से आज तक यह परिवार अस्थायी टेंट में रहकर जीवन यापन कर रहा है। इस दौरान गर्मी, सर्दी और बरसात जैसी कठिन परिस्थितियों ने उनके जीवन को और भी मुश्किल बना दिया है। संजय कुमार का कहना है कि आगामी बरसात को लेकर उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। टेंट में रहने के कारण परिवार को न केवल सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बारिश के दिनों में टेंट में पानी भरने और तेज हवाओं से नुकसान का खतरा हमेशा बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि एक वर्ष से अधिक समय तक किसी परिवार का टेंट में जीवन गुजारना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल परिवार की स्थिति का आकलन करे।
सरकारी सहायता ही सहारा
ग्रामीणों के अनुसार, संजय कुमार का परिवार आर्थिक रूप से भी बेहद कमजोर है और अपने दम पर पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं है। ऐसे में सरकारी सहायता ही उनके लिए एकमात्र उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
