चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं का महामेला…15000 ने टेका माथा

By: Jun 8th, 2026 12:03 am

लंबी-लंबी लगी कतारें, मंदिर प्रशासन और पुलिस को भीड़ संभालने में करनी पड़ी मशक्कत, सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध रहे पुख्ता, खूब लगे जयकारे

स्टाफ रिपोर्टर-चिंतपूर्णी
उत्तर भारत के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण पंजाब, हरियाणा और अन्य पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शनों के लिए चिंतपूर्णी पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी आमद का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मां के जयकारों के बीच भक्तों की (डबल लाइन) मुख्य परिसर से होती हुई पुराने बस स्टैंड चिंतपूर्णी से आगे तक पहुंच गईं। मंदिर प्रशासन और पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।

पंचायत चुनाव (इलेक्शन) ड्यूटी संपन्न होने के बाद चिंतपूर्णी मंदिर में तैनात होमगार्ड के जवानों ने वापस लौटकर सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया है। जवानों की वापसी से मंदिर परिसर और कतारों में कानून व व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी मदद मिल रही है। श्रद्धालुओं की भारी तादाद को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि देर शाम तक 15000 हजार से अधिक श्रद्धालु माता रानी की पावन पिंडी के दर्शन व आशीर्वाद प्राप्त कर किया। इस मौके पर मंदिर वित्त एवं लेखाधिकारी राजेंद्र कटोच ने बताया कि रविवार को धूप होने के कारण मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को धूप से बचने के लिए टैंट आदि की व्यवस्था की गई है और श्रद्धालुओं को पेयजल व्यवस्था आदि को भी सुनिश्चित किया गया है। प्राथमिकता के आधार पर श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है। इसलिए सही सुविधा दी जा रही है।

श्रद्धालु ने चढ़ाया 750 ग्राम का चांदी का छत्र

चिंतपूर्णी। विश्व विख्यात धार्मिक शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में रविवार को नूर महल पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने 750 ग्राम शुद्ध चांदी का छत्र मां की पावन पिंडी में अर्पित किया। पुजारी वर्ग द्वारा श्रद्धालु परिवार को विधि विधान से पूजा-अर्चना करवाकर छत्र को मां की पावन पिंडी में समर्पित किया गया। अपने परिवार के साथ आए श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर मां के चरणों में यह अदभुत भेंट अर्पित की है। आधुनिक कलाकारी से तैयार किया गया छत्र मां की पावन पिंडी को आति सुशोभित कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार पर माता श्री चिंतपूर्णी जी की अपार कृपा है और अपनी श्रद्धा भाव से मां के चरणों में यह भेंट अर्पित की है। पुजारी वर्ग द्वारा उन्हें माता की चुन्नरी भेंट स्वरूप प्रदान की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App