आयरलैंड से हार के बाद अब टीम इंडिया की इंग्लैंड से होगी टक्कर, जानें पूरा शेड्यूल और टाइमिंग

By: Jun 29th, 2026 2:02 pm

आयरलैंड से दो मैचों की टी20 सीरीज के बाद अब भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जा रही है। भारतीय टीम यहां पांच टी20 और तीन ODI मैच खेलेगी। दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 1 जुलाई से होने जा रही है। भारतीय टीम यहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पांच टी20 मुकाबले खेलेगी। सीरीज का पहला मैच 1 जुलाई को चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 4 जुलाई को मैनचेस्ट में, तीसरा मुकाबला 7 जुलाई को नॉर्टिंघम में, चौथा मुकाबला 9 जुलाई को ब्रिस्टल में और पांचवां और अंतिम टी20 मैच 11 जुलाई को साउथहेम्प्टन में खेला जाएगा।

बता दें कि इस टी20 सीरीज के तीन मैच भारतीय समयानुसार रात साढ़े दस बजे से शुरू होंगे, जिमें पहला, तीसरा और चौथा टी20 मैच शामिल हैं। वहीं दो मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। भारत में इन मैचों का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स के चैनलों पर होगा। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर होगा। आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू ना कर पाने वाले वैभव सूर्यवंशी पर सभी क्रिकेट फैंस की निगाहें होंगी। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि युवा बल्लेबाज को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलने का मौका मिल सकता है।

इंग्लैंड के दौरे के लिए बीसीसीआई ने पहले ही टीम घोषित कर दी थी। जो टीम आयरलैंड के खिलाफ खेली थी वही टीम इंग्लैंड से भी भिड़ेगी। चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह टीम में सूर्यांश शेडगे को शामिल किया गया है। भारतीय टीम- श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।

तीन ODI मैच भी खेलेगी टीम इंडिया

भारत का दौरा यहीं खत्म नहीं होगा। टीम इंडिया इसके बाद इंग्लैंड में तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेगी। वनडे सीरीज का पहला मैच 14 जुलाई को खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 16 जुलाई और तीसरा और अंतिम ODI 19 जुलाई को खेला जाएगा। इस सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा भी खेलते नजर आएंगे। वनडे टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे। तीनों ही ODI मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे से शुरू होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App