छात्रवृत्ति के लिए इस डेट तक करें आवेदन

By: Jun 7th, 2026 10:12 pm

नगर संवाददाता- धर्मशाला

राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उच्च शिक्षा निदेशक हिमाचल प्रदेश डा. हरीश कुमार द्वारा जारी पत्र के बाद सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पात्र विद्यार्थियों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और समयबद्ध आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य और केंद्र प्रायोजित प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चार जून से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। प्रथम स्तर सत्यापन (एल-1) की अंतिम तिथि 17 सितंबर तथा द्वितीय स्तर सत्यापन (एल-2) की अंतिम तिथि 18 सितंबर तय की गई है।

वहीं, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया भी चार जून से शुरू हो चुकी है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर 2026 रखी गई है। इन योजनाओं के लिए प्रथम स्तर सत्यापन 17 नवंबर तथा द्वितीय स्तर सत्यापन 18 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित विशेष छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए भी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App