एस्पायर चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट को देगा फ्री कोचिंग, IIT-JEE और NEET के लिए तैयार किए जाएंगे बच्चे

By: Jun 8th, 2026 9:47 pm

आईआईटी-जेईई और नीट के लिए तैयार किए जाएंगे सुखाश्रय स्कीम के 15 बच्चे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—शिमला

हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को एस्पायर आईआईटी एवं मेडिकल संस्थान द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रदेश के सबसे बड़े टैलेंट हंट एग्जाम ‘ब्रेन ऑफ हिमाचल-2026’ का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस बार ब्रेन ऑफ हिमाचल-2026 के राज्य स्तरीय प्रथम स्थान (रैंक-1) प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक ब्रांड न्यू कार पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।

इसके अतिरिक्त कक्षा 5वीं से 12वीं तक प्रत्येक कक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को 21,000 नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष एस्पायर संस्थान हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्त्वाकांक्षी ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ योजना के अंतर्गत चयनित 15 विद्यार्थियों को आईआईटी-जेईई एवं नीट की पूर्णत: नि:शुल्क कोचिंग प्रदान करेगा। एस्पायर आईआईटी एवं मेडिकल संस्थान के प्रबंध निदेशक योगेंद्र कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार की ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ योजना वास्तव में समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए आशा की नई किरण है।

27 सितंबर को प्रदेशभर में होगा एग्जाम

एस्पायर आईआईटी एवं मेडिकल संस्थान द्वारा आयोजित ‘ब्रेन ऑफ हिमाचल-2026’ टैलेंट हंट परीक्षा 27 सितंबर, 2026 को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक कौशल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उनकी तैयारी का मूल्यांकन करेगी। साथ ही छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App