मंडी में ब्यास लबालब, कार पार्किंग के पास पानी
पंडोह से 70000 क्यूसेक पानी छोडऩे से बढ़ा नदी का जलस्तर, लारजी पावर प्रोजेक्ट में फ्लशिंग जारी, जनता सतर्क
दिव्य हिमाचल टीम- मंडी/पंडोह
मंडी में ब्यास पानी से लबालब बह रही है। इससे खलियार में ब्यास किनारे बनाई पार्किंग तक पानी पंहुच गया है। ब्यास नदी के बढे जल स्तर के बाद मंडी से पंडोह तक खतरे के हूटर बजने से छोटी काशी गूंज उठी है। जिला प्रशासन मंडी ने आम जनता और पर्यटकों के लिए तत्काल अलर्ट जारी किया है। लारजी पावर स्टेशन के रिस्टोर बांध से गाद और पानी निकाले जाने के कारण ब्यास नदी में पानी का स्तर और गाद की मात्रा अचानक बढऩे वाली है। प्रशासन ने 29 जून की सुबह 6 बजे तक भारी जल छोड़े जाने की चेतावनी दी है। प्रशासनिक आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस दौरान 2000 क्यूसेक पानी गाद के साथ लारजी डैम से छोड़ा जाएगा जबकि बीबीएमबी पंडोह डैम से भी करीब 70000 क्यूसेक पानी ब्यास नदी में छोड़ा जाएगा। इस जलछोडऩे से डाउनस्ट्रीम में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि आम जनता व पर्यटक नदी से दूर रहें। यह जलछोड़ पावर स्टेशन के रखरखाव कार्य के दौरान हो रहा है। लारजी पावर स्टेशन हिमाचल प्रदेश में ऊर्जा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन रखरखाव के समय ऐसे डैम फ्लेशिंग आम बात है बावजूद इसके पहाड़ी नदियों की अप्रत्याशित प्रकृति को देखते हुए प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। ब्यास नदी किनारे कई पर्यटक स्थलए गांव और छोटे ब?े पुल हैंए जहां अचानक बढ़े पानी से खतरा हो सकता है जिसके चलते लोगों को सर्तक रहने के लिए कहा गया है। वहीं बीबीएमबी के अधिशासी अभियंता चंद्र मोहन ने लोगों से नदी के किनारों से दूर रहने की अपील की है। पंडोह बांध से रविवार को 7000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
ब्यास में छोडे पानी में गाद
मंडी जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अलर्ट सुरक्षा के दृष्टिकोण से जारी किया गया है। पानी की मात्रा ज्यादा होने के साथ गाद भी नदी में आएगी, जिससे पानी का रंग गहरा हो सकता है और नदी का बहाव तेज व अप्रत्याशित हो सकता है।
आपात स्थिति से निपटने को हेल्पलाइन नंबर
मंडी जिला प्रशासन ने ब्यास में छोडे जा रहे पानी के बीच आपात स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों 01905-226201, 226202, 226203, 226204 सहित आपातकालीन हेल्पलाइन 1077 पर भी मदद मांगी जा सकती है।
सुरक्षित तरीके से छोड़ा जा रहा पानी
मंडी एडीसी गुरसिमर सिंह ने बताया कि ब्यास में सुरक्षित और नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने सभी को आश्वासन दिया है कि जल छोड़ नियंत्रित तरीके से किया जा रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। 29 जून सुबह 6 बजे के बाद सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद है। खलियार में नदी किनारे बनाई गई पार्किंग भी पानी की जद में आई है। इस पार्किंग में खड़े वाहन हटा लिए गए हैं। मंडी में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है बावजूद इसके ब्यास की लहरें प्रचंड हो गई हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

