ऊना में भाजपा ने सम्मानित किए जनप्रतिनिधि

By: Jun 8th, 2026 12:01 am

जिला कार्यालय में नवाजे, सत्ती की विकास करवाने की अपील

नगर संवाददाता-ऊना
भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय दीप कमल में रविवार को ऊना मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कौशल ने की, जबकि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में हाल ही में निर्वाचित हुए जनप्रतिनिधियों का सम्मान और स्वागत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि चुनाव अब समाप्त हो चुके हैं और जनता ने जिन प्रतिनिधियों को चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है, उनका कर्तव्य पूरे क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना है। उन्होंने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि जो उम्मीदवार सफलता प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें भी निराश होने के बजाय अपने गांव और क्षेत्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं जिला परिषदों में भी बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित प्रतिनिधि अध्यक्ष पदों तक पहुंचने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति की 24 में से 20 सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं। इसके अलावा संतोषगढ़ और मैहतपुर-बसदेहड़ा नगर परिषदों में भी भाजपा को उल्लेखनीय सफलता मिली है। बैठक में अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App