45 अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जनगणना का प्रशिक्षण
बनीखेत में शहरी जनगणना-2027 के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
उपमंडल डलहौजी के शहरी क्षेत्रों में प्रस्तावित जनगणना-2027 के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को बनीखेत स्थित चिनार पैलेस में समापन हो गया। समापन अवसर पर चार्ज अधिकारी संजीव शर्मा तथा पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर परिषद डलहौजी, नगर पंचायत बनीखेत तथा डलहौजी छावनी परिषद (कैंटोनमेंट बोर्ड) से संबंधित पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों (एन्यूमेरेटर) सहित विभिन्न कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से जुडे सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
चार्ज अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उददेश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 45 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। प्रतिभागियों को जनगणना प्रपत्रों के सही भराव, डिजिटल प्रणाली के उपयोग, घर-घर जाकर आंकडे एकत्र करने की प्रक्रिया तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों की शंकाओं का किया समाधान
जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
