वालीबाल प्रतियोगिता में सीएम सुक्खू होंगे चीफ गेस्ट
विधायक हरीश जनारथा ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, खेलों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला के संजौली स्थित एसपीएम ग्राउंड में 8 जून को होने वाले भव्य खेल एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम से दो दिन पहले शनिवार को शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ मैदान का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक, स्थानीय पार्षद अंकुश वर्मा और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और दर्शकों के बैठने की व्यवस्थाओं की जानकारी विधायक को दी। हरीश जनारथा ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का एक बड़ा जन-जागरूकता अभियान है।
खेल युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिहं सुक्खू मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे। आयोजन के माध्यम से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया जाएगा। विधायक ने जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाडिय़ों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा हर व्यवस्था उच्च स्तर की सुनिश्चित की जाए। संजौली का एसपीएम ग्राउंड इस आयोजन के साथ खेल गतिविधियों का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह कार्यक्रम युवाओं को खेलों से जोडऩे और नशे के खिलाफ जनजागरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
