पुल किनारे गहरा गड्ढा, सरकाघाट पपलोग सडक़ पर हादसे का डर

By: Jun 29th, 2026 12:50 am

निजी संवाददाता- सरकाघाट
सरकाघाट-पपलोग सडक़ पर गांव कलस में नवज्योति स्कूल के समीप स्थित पुल के साथ वर्ष 2024 में हुए भूस्खलन के बाद बना गहरा गड्ढा आज भी लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। पिछले लगभग दो वर्षों से पुल के किनारे भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए कोई स्थायी व्यवस्था न होने के कारण यहां हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूस्खलन के बाद पुल के साथ की जमीन लगातार खिसकती रही, जिससे अब वहां एक बड़ा और गहरा खड्डा बन गया है। यह गड्ढा न केवल सडक़ और पुल की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि आसपास स्थित मकानों और निजी भूमि को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कई बार लोक निर्माण विभाग के समक्ष इस समस्या को उठाया है और सुरक्षा डंगा लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतों और मांगों के बावजूद विभाग द्वारा अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि संभावित बड़े हादसे से पहले प्रभावित स्थल पर सुरक्षा डंगा लगाकर पुल और सडक़ को सुरक्षित किया जाए, ताकि लोगों की जान-माल की रक्षा सुनिश्चित हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App