संगठन मजबूत करने पर किया मंथन
मंडी जिला कांग्रेस की बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
मंडी जिला कांग्रेस की बैठक में संगठन सुदृढ़ करने पर मंथन हुआ। इसके साथ ही नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। हाल ही में 22 जून को मंडी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार द्वारा मंडी जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। नियुक्त सभी पदाधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों का परिचय कराया गया तथा प्रदेश सह प्रभारी विदित चौधरी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, नवगठित जिला कार्यकारिणी को सक्रिय करने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कांग्रेस को सशक्त बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। विभिन्न नेताओं ने अपने-अपने सुझाव भी रखे, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक को कांग्रेस संगठन को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शीघ्र इस्तीफा लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगे हैं और लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

