एचपीयू में ‘सूर्य संवाद’ पर मंथन

By: Jun 7th, 2026 12:49 am

भारतीय सेना और एचपीयू का साझा मंच, जियो-स्ट्रेटजी पर हुई पैनल चर्चा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने भारतीय सेना के 136 (इंडिपेंडेंट) इन्फैंट्री ब्रिगेड ग्रुप के सहयोग से ‘सूर्य संवाद : जियो-स्ट्रेटजी अनप्लग्ड’ विषय पर फायरसाइड चैट और पैनल चर्चा का आयोजन किया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में कुलपति ने रक्षा अध्ययन, सैन्य रणनीति, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सतत विकास जैसे विषयों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं तथा उन्हें रक्षा और सुरक्षा अध्ययन से जुड़े पाठ्यक्रमों व इंटर्नशिप में भाग लेना चाहिए।

चर्चा के दौरान वैश्विक भू-राजनीतिक परिवर्तनों, संघर्ष के बदलते स्वरूप, राष्ट्र निर्माण, सिविल-मिलिट्री समन्वय और युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा में रणनीतिक सोच और जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर भविष्य में भी विश्वविद्यालय और भारतीय सशस्त्र बलों के बीच ऐसे शैक्षणिक एवं रणनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App