राजधानी में छह माह में कुत्तों ने नोचे 100 लोग

By: Jun 8th, 2026 12:02 am

आवारा कुत्तों के आंतक से लोग परेशान, स्कूली बच्चे हुए हैं सबसे ज्यादा शिकार, लगातार बढ़ती जा रही समस्या, नहीं हो रहा कोई सामाधान

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश की राजधानी शिमला में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि पिछले 6 महीनों में करीब 100 से ज्यादा लोगों को आवारा कुत्तों ने काट लिया है और कई लोगों को घायल किया है। दरअसल जब भी आवारा कुत्ते हमला करते हैं तो वह झुंड में हमला करते हैं ऐसे में लोगों में भगदड़ मच जाती है और लोग चोटिल हो जाते हैं। वहीं इन दिनों भी शहर के छोटा शिमला, संजौली, ढली, लक्कड़ बाजार, न्यू शिमला, कसुम्पटी और भराड़ी से आवारा कुत्तों के काटने की शिकायतें लगातार आ रही हैं। हालांकि लोगों ने नगर निगम को पत्र भी लिखा था कि इन आवारा कुत्तों को आवासीय क्षेत्र से दूर ले जाएं। हैरत की बात यह है कि सबसे ज्यादा आवारा कुत्तों का शिकार स्कूली बच्चे हुए हैं। आलम यह है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जहां तीन कुत्तों का झुंड था वहां पर 10 से 12 कुत्ते एकत्र हो गए हैं। शिमला के मॉलरोड के मोड़ पर आवारा कुत्तों का झुंड बैठा रहता है। इससे पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिमला में बढ़ते डॉग बाइट मामलों ने यह साफ कर दिया है कि केवल नसबंदी ही नहीं, बल्कि आवारा कुत्तों के प्रबंधन की स्थायी नीति, नियमित मॉनिटरिंग और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की भी जरूरत है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई धीमी रहती है। अभी तक नगर निगम के पास खतरनाक कुत्तों को अलग से चिन्हित करने की कोई स्पष्ट और स्थायी व्यवस्था पूरी तरह विकसित नहीं हो पाई है।

नगर निगम हाउस में कई बार उठ गया मामला

नगर निगम के हाउस में कई बार पार्षदों ने आवारा कुत्तों की समस्या के बारे में नगर निगम का बताया। इस पर नगर निगम नसबंदी की बात करता है, लेकिन पार्षदों का कहना है कि हैरत इस बात की है कि नसबंदी की जाती है बावजूद इसके भी शिमला में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है।

नगर निगम आवारा कुत्तों की समस्या को गंभीरता से ले रहा है और नसबंदी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
-सुरेंद्र चौहान, मेयर , नगर निगम शिमला


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App