कालाअंब-बाता चौक फोरलेन परियोजना की डीपीआर मंजूरी को भेजी

By: Jun 8th, 2026 12:02 am

2160 करोड़ रुपए की परियोजना से एनएच-07 के 50 किलोमीटर हिस्से का होगा विस्तार, डीपीआर की स्वीकृति का इंतजार

कार्यालय संवाददाता-नाहन
राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-07 के कालाअंब से बाता चौक पांवटा साहिब तक लगभग 50 किलोमीटर लंबे हिस्से को फोरलेन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल जिला सिरमौर ने इस परियोजना की 2160 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ), भारत सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दी है। जानकारी के अनुसार फोरलेन परियोजना की डीपीआर मौजूदा अलाइनमेंट के आधार पर तैयार की गई है।

सभी आवश्यक आपत्तियों और तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद मई माह में इसे मंजूरी के लिए मंत्रालय को प्रेषित किया गया। परियोजना में सिविल वर्क पर ही करीब 1706 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जबकि भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और अन्य मदों को मिलाकर कुल लागत 2160 करोड़ रुपए आंकी गई है।

पंजाब से देहरादून तक फोरलेन कनेक्टिविटी को मिलेगा बल
एनएच-07 देश के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों में शामिल है, जो पंजाब के फाजिल्का से शुरू होकर उत्तराखंड के माना पास तक लगभग 845 किलोमीटर लंबा है। यह राजमार्ग पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड से होकर गुजरता है पंजाब और हरियाणा में अधिकांश हिस्सा पहले ही फोरलेन बन चुका है। वहीं, बाता चौक से भूपपुर होते हुए देहरादून तक का खंड भी विकसित किया जा चुका है। अब केवल कालाअंब से बाता चौक तक का हिस्सा फोरलेन होना शेष है।
तीखे मोड़ों से मिलेगी राहत, बेहतर होंगी सुविधाएं
फोरलेन निर्माण के बाद इस मार्ग पर यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। मौजूदा हाईवे के कई तीखे मोड़ों से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। इसके अलावा सडक़ पर आधुनिक हाईवे लाइटिंग सहित अन्य सुविधाओं का भी प्रावधान किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल नाहन के अधिशाषी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि कालाअंब से बाता चौक तक के 50 किलोमीटर हिस्से की डीपीआर मंजूरी के लिए मोर्थ को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही फोरलेन निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App