लहसुन की बंपर आवक से सोलन मंडी में दाम लुढक़े

By: Jun 8th, 2026 12:01 am

एक सप्ताह में 10 से 15 रुपए प्रति किलो तक गिरावट, भारी उत्पादन और बढ़ी आपूर्ति का असर
सिटी रिपोर्टर-सोलन
सोलन कृषि उपज मंडी में लहसुन सीजन अब चरम पर पहुंच गया है। रोजाना बड़ी मात्रा में लहसुन की आवक हो रही है, लेकिन बढ़ती आपूर्ति के चलते बाजार में दामों पर दबाव बढ़ गया है। कीमतों में लगातार गिरावट से किसानों की चिंता भी बढऩे लगी है। मंडी में बड़े आकार के लहसुन के दाम 135 से 140 रुपये प्रति किलो तक दर्ज किए गए, जबकि मध्यम आकार का लहसुन 70 से 80 रुपये और छोटे आकार का लहसुन 35 से 40 रुपये प्रति किलो के भाव बिका। कारोबारियों के अनुसार पिछले एक सप्ताह के दौरान लहसुन के दामों में 10 से 15 रुपये प्रति किलो तक की कमी आई है। मंडी में जिला सोलन, सिरमौर और मंडी के अलावा जम्मू-कश्मीर से भी बड़ी मात्रा में लहसुन पहुंच रहा है।

विभिन्न क्षेत्रों से लगातार हो रही आवक के कारण बाजार में आपूर्ति बढ़ गई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष लहसुन का बंपर उत्पादन होने से बाजार में अधिक माल उपलब्ध है। अनुकूल मौसम और अच्छी फसल के कारण उत्पादन बढ़ा है। वहीं, पिछले वर्ष भंडारण के बावजूद किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिला था, इसलिए इस बार अधिकांश उत्पादक फसल को सीधे मंडी में बेच रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में आवक इसी तरह बनी रही तो दामों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि किसानों को उम्मीद है कि बाहरी राज्यों से मांग बढऩे पर कीमतों में कुछ सुधार संभव है। फिलहाल भारी आवक और अधिक उत्पादन के कारण लहसुन बाजार दबाव में बना हुआ है।

इस वर्ष जिला सोलन सहित सिरमौर क्षेत्र में लहसुन की बंपर पैदावार हुई है। जिला मंडी और जम्मू-कश्मीर से भी बड़ी मात्रा में लहसुन बिक्री के लिए सोलन मंडी पहुंच रहा है। विभिन्न क्षेत्रों से लगातार बढ़ रही आवक के कारण मंडी में लहसुन की उपलब्धता काफी अधिक हो गई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर देखने को मिल रहा है और दामों में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि आवक अधिक होने के बावजूद बाजार की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है और किसानों को अपनी उपज के उचित दाम मिल रहे हैं।
रोशन ठाकुर, चैयरमेन मंडी समिति सोलन।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App