सतीवाला में हाथियों तबाह किए आम के पेड़
उत्तराखंड सीमा से आए हाथियों के झुंड ने पहुंचाया नुकसान, वन विभाग ने लोगों को जारी की एडवाइजरी
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के सतीवाला क्षेत्र में रविवार की सुबह जंगली हाथियों के एक झुंड ने खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान केहर सिंह निवासी सतीवाला ने बताया कि उनकी निजी भूमि में हाथियों ने आम के छह छोटे पौधे जड़ से तोड़ दिए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वन विभाग के अनुसार यह लगभग तीन से चार हाथियों का समूह है। प्राथमिक जांच में प्रतीत होता है कि यह झुंड उत्तराखंड की सीमा से होकर हिमाचल में प्रवेश कर आया और सतीवाला के बगीचे में नुकसान करने के बाद जंगल आर/एफ मस्तअली की ओर चला गया। विभाग ने मौके के छायाचित्र भी अपने रिकॉर्ड के लिए एकत्रित किए हैं। बारिश के मौसम में हाथियों की आवाजाही बढ़ जाती है और खेतों में फसल नुकसान की घटनाएं सामने आती हैं।
केहर सिंह ने बताया कि पौधे अभी छोटे थे और उनसे आने वाले वर्षों में आमदनी की उम्मीद थी। वन विभाग ने सतीवाला और आसपास के गांवों के लोगों से अपील की है कि वह शाम और सुबह के समय जंगल के किनारे अकेले न जाएं और हाथी दिखने पर शोर न मचाकर तुरंत विभाग को सूचना दें। विभाग की टीम हाथियों की गतिविधि पर नजर रख रही है और उन्हें वापस जंगल की ओर खदेडऩे की कार्रवाई की जा रही है। उधर डीएफओ वेद प्रकाश का कहना है कि मानव-वन्य जीव संघर्ष को कम करने के लिए किसानों को फसल सुरक्षा के उपाय अपनाने और विभाग से समन्वय बनाए रखने की जरूरत है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
