जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के विजेताओं का भव्य सम्मान
सोलन आईटीआई के दीक्षांत समारोह में प्रतिभाशाली प्रशिक्षुओं को किया सम्मानित, राज्य प्रतियोगिता के लिए दी शुभकामनाएं
निजी संवाददाता-सोलन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-ए) सोलन में जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता-2026 के विजेता प्रशिक्षुओं के सम्मान में भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न व्यवसायों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया तथा आगामी राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पट्टा महलोग के प्रधानाचार्य नवनीत कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का आयोजन संस्थान की प्रधानाचार्य एवं आयोजन सचिव इंजीनियर नवीन कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। अपने संबोधन में मुख्यातिथि नवनीत कुमार ने कहा कि कौशल प्रतियोगिताएं प्रशिक्षुओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रतिस्पर्धी वातावरण में आगे बढऩे का अवसर प्रदान करती हैं।
ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, नवाचार और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विजेता प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सोलन का नाम रोशन करने का आह्वान किया। जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में सिलाई प्रौद्योगिकी में स्वाति शर्मा, मैकेनिक डीजल में अर्जुन बनोटा, कॉस्मेटोलॉजी में पूजा देवी, टर्नर में पंकज कुमार, वेल्डर में राहुल चौहान, ड्राफ्ट्समैन सिविल में काजल ठाकुर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में आकाश, कोपा में ऋतिक कंवल, प्लम्बर में आशीष, इलेक्ट्रीशियन में अमन कुमार तथा वुड वर्क टेक्नीशियन (टीम) में गौरव ने प्रथम स्थान हासिल किया। समारोह के दौरान उन प्रशिक्षकों और अनुदेशकों को भी प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिनके प्रशिक्षुओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर इंजीनियर नवीन कुमारी ने विजेता प्रशिक्षुओं, अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि सोलन के आईटीआई प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से जिले का गौरव बढ़ाया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
