मक्की पर फॉल आर्मी वॉर्म का कहर

By: Jun 28th, 2026 12:02 am

कांगरी पंचायत में किसान परेशान; कृषि विभाग ने जारी की चेतावनी, सामूहिक छिडक़ाव की सलाह

कार्यालय संवाददाता-मंडी
मंडी जिला में मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वॉर्म का कहर बरपना शुरु हो गया है। जिसके चलते कृषि विभाग की टीम सतर्क हो गई है। सुंदरनगर विकास खंड की ग्राम पंचायत जरोल की कांगरी में मक्की की फसल पर घातक कीट फॉल आर्मीवॉर्म ने हमला कर दिया है। जिसके चलते कृषि विभाग मंडी के उपनिदेशक डा. रामचंद्र चौधरी ने सुंदरनगर टीम के साथ कांगरी गांव में मक्की के खेतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने किसानों को समय पर दवाई का छिडक़ाव करने की सलाह दी।

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो मक्की की पूरी फसल बर्बाद हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष एडवायजरी जारी की है और किसानों से सजग रहने की अपील की है। उपनिदेशक ने बताया कि कीट प्रबंधन के अचूक उपाय शुरुआती एवं जैविक नियंत्रण में खेतों में कीट की निगरानी के लिए प्रकाश प्रपंच या फेरोमोन प्रपंच का प्रयोग करें। शुरुआती अवस्था में अंडों और लार्वा के समूहों को हाथों से चुनकर नष्ट कर दें। खेतों में रासायनिक उर्वरकों (खाद) की केवल अनुशंसित व संतुलित मात्रा ही डालें।

मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वॉर्म का प्रकोप सुंदरनगर क्षेत्र के कांगरी गांव से सामने आया है। विभाग द्वारा फसलों का निरीक्षण कर किसानों को एडवायजरी जारी कर दी है। फसलों को रोग से बचाने के लिए लगातार नजर रखे हुए है। – डा. रामचंद्र चौधरी, उपनिदेशक कृषि विभाग मंडी


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App