ऊना में लू के थपेड़ों से लोग परेशान

By: Jun 8th, 2026 12:02 am
january-warmest-night-in-shimla-after-32-years-temperature-rise-weather-alert

41 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, दोपहर के समय गर्मी से आ रही दिक्कत, किसान और मजदूर भी आफत में, चालकों की बढ़ी टेंशन

स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
जिला ऊना में मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बावजूद गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ा। सुबह के समय मौसम सामान्य रहने के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, सूर्य की तपिश तेज होती गई और दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। दोपहर के समय बाजारों, बस अड्डों और मुख्य सडक़ों पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। जरूरी कार्य से घरों से निकलने वाले लोग सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर चलते नजर आए। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। कई स्थानों पर लोग पेड़ों की छांव और सार्वजनिक स्थलों पर राहत तलाशते दिखाई दिए।

गर्मी का सबसे अधिक असर खेतों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले मजदूरों पर पड़ रहा है। खेतों में कृषि कार्य कर रहे किसानों और मजदूरों को तेज धूप के बीच काम करना मजबूरी बन गया है। निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को भी लगातार बढ़ते तापमान के कारण थकान और निर्जलीकरण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों का कहना है कि दोपहर के समय काम करना काफी कठिन हो गया है, लेकिन रोजी-रोटी के लिए काम जारी रखना पड़ता है। जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी आसमान में बादल छा जाते हैं तो कभी हल्की बूंदाबांदी हो जाती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बंधती है। हालांकि बादलों के छंटते ही तेज धूप और उमस फिर से लोगों को परेशान करने लगती है। मौसम में इस तरह के उतार-चढ़ाव के कारण दिन के समय गर्मी और अधिक महसूस की जा रही है।भीषण गर्मी का असर बाजारों और दैनिक गतिविधियों पर भी देखने को मिल रहा है। ठंडे पेय पदार्थों, जूस, आइसक्रीम और फलों की मांग बढ़ गई है। वहीं, अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित समस्याओं, जैसे सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी और डिहाइड्रेशन के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को अभी कुछ दिन और गर्मी झेल सकते हैं।

अभी और झेलना पड़ेगा गर्मी का प्रकोप

मौसम विशेषज्ञ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि अभी लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा। बारिश होने की कोई भी संभावना नहीं है, लेकिन बादलों का मंडाराना जारी रहेगा। जिससे लोगों की परेशानियां बनी रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App