हिमाचल की अर्चिता इंडियन वॉलीबॉल टीम में सिलेक्ट, पहली से 10 जुलाई तक टूर्नामेंट
चीन में ठियोग की बेटी दिखाएंगी दमखम पहली से 10 जुलाई तक टूर्नामेंट
स्टाफ रिपोर्टर—ठियोग
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के ठियोग की बेटी अर्चिता बेक्टा ने मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है। गवर्नमेंट मॉडल स्कूल सैंज की छात्रा अर्चिता बेक्टा का चयन अंडर-18 इंडियन वॉलीबाल टीम के लिए हुआ है। अब अर्चिता चीन के शांगलुओ शहर में पहली से 10 जुलाई तक होने वाली आईएसएफ वल्र्ड स्कूल वॉलीबाल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अर्चिता का चयन भारतीय टीम में ब्लॉकर के रूप में हुआ है। वर्तमान में वह नागपुर में भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए कड़ी तैयारी कर रही हैं। अर्चिता की सफलता की कहानी संघर्ष और समर्पण से भरी है।
तीन साल पहले उनकी लंबाई और खेल प्रतिभा को देखते हुए वल्र्ड एथलेटिक्स टेक्निकल ऑफिसर एवं कॉमर्स के लेक्चरर सुरेश कंवर, डीपीई सुरेश नेगी और पीईटी बृजेश वर्मा ने उन्हें वॉलीबाल खेलने के लिए प्रेरित किया, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यह बेटी एक दिन देश की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरेगी।कोचों के मार्गदर्शन और अपनी कड़ी मेहनत से अर्चिता ने खेल में लगातार सुधार किया। उनकी छह फुट एक इंच लंबाई और शानदार प्रदर्शन ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।
नेशनल गेम्स में चमकीं मिला इंडिया टीम का टिकट
अर्चिता ने हाल ही में ओपन नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। यहां उनके खेल, तकनीक और लंबाई को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम के लिए चुना। अब वह चीन में होने वाली प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। अर्चिता ठियोग के सैंज क्षेत्र के साथ लगते शिरगुली गांव की रहने वाली हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

