होटल-होम स्टे फुल, सैलानियों की गाडिय़ों में काटी रातें

By: Jun 29th, 2026 12:52 am

विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, घाटी में ठहरने को सैलानियों को नहीं मिल रही जगह

कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग घाटी में वीकेंड पर बाहरी राज्यों से पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। पर्यटकों की संख्या इतनी अधिक रही कि क्षेत्र के सैकड़ों होटल, रेस्टोरेंट, कैंपिंग साइट और होम स्टे लगभग पूरी तरह भर गए। ठहरने के लिए जगह नहीं मिलने पर कई पर्यटकों को अपनी-अपनी गाडिय़ों में ही रात बितानी पड़ी। पर्यटकों की रिकॉर्ड संख्या का असर पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। बैजनाथ-पपरोला मुख्य मार्ग पर सुबह से लेकर रात करीब नौ बजे तक लगातार जाम की स्थिति बनी रही। पपरोला से बैजनाथ तक का सामान्य रूप से कुछ मिनटों का सफर लोगों को दो से तीन घंटे में तय करना पड़ा। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और लंबे जाम के कारण वाहन चालकों तथा यात्रियों को घंटों सडक़ पर फंसे रहना पड़ा।

कई एंबुलेंस और आवश्यक कार्य से जाने वाले लोगों को भी यातायात बाधित होने के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय पर्यटन उद्योग को लाभ तो मिल रहा है, लेकिन मौजूदा आधारभूत सुविधाएं और यातायात व्यवस्था इस दबाव को संभालने में सक्षम नहीं दिख रही हैं। उनका मानना है कि वीकेंड और पर्यटन सीजन के दौरान अतिरिक्त पार्किंग, वैकल्पिक मार्ग, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और ठहरने की सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बीड़ बिलिंग और बैजनाथ-पपरोला क्षेत्र में बढ़ते पर्यटन को देखते हुए स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू की जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय निवासियों दोनों को राहत मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App