HP Weather : भीषण गर्मी से जूझ रहे हिमाचल के लिए राहत भरी खबर, चार दिन मेहरबान होंगे बादल

By: Jun 8th, 2026 8:19 pm

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय 11-12 जून को ओलावृष्टि और तेज अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट

स्टाफ रिपोर्टर – शिमला

भीषण गर्मी से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 11 और 12 जून को प्रदेश के अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने शिमला, मंडी, कुल्लू और सिरमौर के कुछ हिस्सों के लिए तेज हवाओं और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, लेकिन मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।

ऊना में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा कांगड़ा में 37.7, सुंदरनगर में 37.5, मंडी में 37.2 और बिलासपुर क्षेत्र में भी पारा 37 डिग्री के आसपास पहुंच गया। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सराहन में 5.0 मिलीमीटर, भरमौर में 4.0 मिलीमीटर, चंबा में 2.0 मिलीमीटर और छतराड़ी में 1.9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 8 से 10 जून तक राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 11 और 12 जून को वर्षा गतिविधियों में तेजी आएगी। 13 और 14 जून को भी कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि 11 और 12 जून को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे बागवानी और कृषि गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। किसानों और बागवानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान के बीच यह पश्चिमी विक्षोभ राहत का संदेश लेकर आया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी बारिश से जहां तापमान में गिरावट आएगी, वहीं जल स्रोतों और फसलों को भी फायदा मिलेगा।

–पंकज


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App