धर्मशाला में फिर शुरू होगी शूटिंग रेंज, जीर्णोद्धार को दो करोड़ जारी, अत्याधुनिक तरीके से होगी तैयार

By: Jun 8th, 2026 9:49 pm

स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला

प्रदेश के खिलाडिय़ों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए पीजी कॉलेज धर्मशाला में शूटिंग रेंज संचालित की जाएगी। इसके लिए हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से दो करोड़ रुपए की राशि जीर्णोद्धार कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को जारी कर दी गई है। ऐसे में अब पिछले 15 वर्षों से बंद पड़ी धर्मशाला कॉलेज स्थित शूटिंग रेंज एक बार फिर निशानेबाजों के लिए खुलेगी। इसका पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण प्रदेश खेल विभाग की ओर से किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पीजी कॉलेज धर्मशाला में भवन पहले से निर्मित है। अब इस भवन को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप दुरुस्त कर शूटिंग रेंज के रूप में विकसित किया जाएगा।

जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद यहां खिलाडिय़ों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खेल विभाग की ओर से शूटिंग रेंज के लिए नए उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। विभाग की ओर से खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के उद्देश्य से सभी आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में शूटिंग खेल को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर भी मिलेगा। उधर, इस संबंध में युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कांगड़ा के जिला खेल अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि शूटिंग रेंज का दो करोड़ के बजट से पुनर्निर्माण अत्याधुनिक तरीके से किया जाएगा। इससे खिलाडिय़ों को निशानेबाजी का प्रशिक्षण प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिल सकेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App