धर्मशाला के डिपो बाजार में बेतरतीब पार्किंग से लग रहा जाम, लोग परेशान
शहर में अव्यवस्थित पार्किंग बनी बड़ी समस्या, कचहरी चौक से स्कूल जाने वाला रास्ता जाम में फंसा
सिटी रिपोर्टर- धर्मशाला
जिला मुख्यालय धर्मशाला शहर के प्रमुख क्षेत्र स्थित डिपो बाजार में बेतरतीब पार्किंग व्यवस्था के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग कचहरी चौक से स्कूल, एकेडमी, छात्रावास, पोस्ट ऑफिस तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक जाने का प्रमुख रास्ता है, जिस पर दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सर्किंट हाउस की ओर जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण अब अधिकतर यातायात टी गार्डन और कुनाल पत्थरी मंदिर की ओर जाने के लिए इसी रास्ते से गुजर रहा है।
ऐसे में इस सडक़ पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ गई है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है। डिपो बाजार क्षेत्र में सडक़ किनारे मनमाने तरीके से खड़े वाहन यातायात को बाधित कर रहे हैं। कई बार दोपहिया वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। वहीं छात्रों का कहना है कि उन्हें स्कूल अकादमी और हॉस्टल तक पहुंचने के लिए यहां की बेतरतीव पार्किंग से होगर गुजरना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब धर्मशाला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, तो फिर शहर के बीचो-बीच ऐसी अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था पर कब तक लगाम लग पाएगी। लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाना समय की मांग है। बता दें कि हाल ही में नगर निगम धर्मशाला में राजनीतिक बदलाव के बाद अब लोगों की नजर नए नेतृत्व पर भी टिकी है। नागरिक उम्मीद जता रहे हैं कि शहर की इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा और डिपो बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
