भारत-अफगानिस्तान में टेस्ट मैच आज से, चंडीगढ़ में सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा मुकाबला
हर्ष दुबे या मानव सुथार कर सकते हैं डेब्यू
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— चंडीगढ़
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच शनिवार से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। भारतीय टीम करीब छह महीने बाद कोई टेस्ट मैच खेलेगी। इस मैच में भारत के दो खिलाड़ी डेब्यू कर सकते हैं। वहीं, नंबर-3 बल्लेबाज और तीसरे स्पिनर को लेकर कप्तान शुभमन गिल के सामने कुछ बड़े सवाल भी हैं। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और उपकप्तान केएल राहुल पारी की शुरुआत करते दिखेंगे। राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल पांच मैचों में 539 रन बनाए थे। दूसरी ओर, जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 427 रन बनाए।
नंबर-3 के लिए साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल के बीच मुकाबला है। कर्नाटक के कप्तान पडिक्कल ने पिछले रणजी सीजन में पंाच मैचों में 532 रन बनाए थे। दूसरी ओर, आईपीएल 2026 में 722 रन बनाने वाले साई सुदर्शन टेस्ट क्रिकेट में अभी तक खुद को साबित नहीं कर सके हैं। उन्होंने छह टेस्ट में 302 रन बनाए हैं। कप्तान शुभमन गिल नंबर-4 पर बल्लेबाजी करेंगे। ऋषभ पंत नंबर-5 पर बल्लेबाजी करेंगे। वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी टीम के दो प्रमुख ऑलराउंडर होंगे। रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल को आराम दिए जाने के बाद भारत को लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर की तलाश है। विदर्भ के हर्ष दुबे और राजस्थान के मानव सुथार में से किसी एक को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने के कारण सिराज पेस बॉलर्स को लीड करेंगे। वहीं, अफगानिस्तान की टीम की कमान हश्मतुल्लाह शाहिदी संभालेंगे।
अफगानिस्तान— हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह ओमरजई, अफसर जजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, कायस अहमद और बिलाल सामी, इकराम अलीखिल, रहमानुल्लाह जादरान, जिया शरीफी।
भारत— शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
