हमीरपुर साइकिल रैली में उमड़ा अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों का जोश

By: Jun 8th, 2026 12:02 am

हमीरपुर में संडे ऑन साइकिल की धूम, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यशोवर्धन अत्री ने सिखाए योग के गुर

कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में स्पोट्र्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया हमीरपुर केंद्र द्वारा संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम के योगा सत्र में मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय योगासन खिलाड़ी यशोवर्धन अत्री ने भाग लिया। यशोवर्धन अत्री ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने प्रतिभागियों से सूक्ष्म योग करवाया व योगासन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में स्पोट्र्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया हमीरपुर केंद्र के सेंटर इंचार्ज एवं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच प्रेम ठाकुर, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच जानी चौधरी, जूडो कोच संजीव ठाकुर, एथलेटिक्स कोच मंजू, बैडमिंटन कोच नेहा सूद, हॉकी कोच पिंकी चौहा, एनडीआरएफ के जवान, हमीरपुर साइकिल संगठन के सदस्य तथा विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल रैली एवं योग सत्र के माध्यम से फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

व्यायाम और साइकिलिंग जरूरी

कार्यक्रम के दौरान सभी ने नियमित व्यायाम, योग और साइकिलिंग को अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App