पनालथ में करुणामेय ज्ञान सरोवर लाइब्रेरी में तोड़-फोड़
असामाजिक तत्त्वों ने लाइब्रेरी के दरवाजे और खिड़कियों को पहुंचाया नुकसान, पंचायत भवन में स्थापित किया था पुस्तकालय
निजी संवाददाता-नगरोटा सूरियां
विकास खंड नगरोटा सूरियां के अंतर्गत ग्राम घाड़ पंचायत पनालथ (जवाली) में संचालित करुणामेय ज्ञान सरोवर फ्री लाइब्रेरी में अज्ञात शरारती तत्त्वों द्वारा तोडफ़ोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। समाजसेवी सुभाष धीमान द्वारा बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा और अध्ययन के लिए पंचायत भवन में यह लाइब्रेरी स्थापित की गई थी। बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात लोगों ने लाइब्रेरी के कमरों के दरवाजे और खिड़कियां तोडक़र नुकसान पहुंचाया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अंदर रखी पुस्तकों और अध्ययन सामग्री को कोई क्षति नहीं पहुंचाई गई। सुभाष धीमान ने बताया कि हाल ही में आयोजित हरसर मेले के दौरान आए कुछ शरारती तत्वों द्वारा यह घटना अंजाम दिए जाने की आशंका है।
उन्होंने इस संबंध में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पूरी जानकारी दे दी है। लाइब्रेरी संचालक का कहना है कि यह कमरे पंचायत द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे, लेकिन कुछ लोगों को यह जनहित का कार्य रास नहीं आ रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्राम पंचायत की नई प्रधान और उपप्रधान ने मौके का निरीक्षण किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया है कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उचित कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे। सुभाष धीमान ने कहा कि बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए उनका यह प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में विभिन्न विषयों की पुस्तकें और अध्ययन सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध है, जिससे क्षेत्र के बच्चे अपनी शिक्षा को मजबूत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
