स्कार्पियो में मिले खैर के मोच्छे, आरोपी गिरफ्तार
गगरेट में वन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई, गाड़ी जब्त
स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
वन विभाग की सतर्कता से गगरेट क्षेत्र में खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। विभाग की रात्रि गश्त के दौरान एक स्कॉर्पियो से खैर की लकड़ी के सात मोच्छे बरामद किए गए। मौके पर वैध दस्तावेज न मिलने पर वन विभाग ने वाहन सहित दो आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया, जिनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार रविवार तडक़े करीब 2:30 बजे वन खंड अधिकारी गगरेट नरेश कुमार और जाड़ला बीट के वन रक्षक विक्रांत कुमार रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान जाड़ला कोहड़ी क्षेत्र में उन्हें एक संदिग्ध स्कॉर्पियो (एचपी-19सी-5912) दिखाई दी। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें खैर की लकड़ी के सात मोछे लदे मिले।
वाहन में सवार महिंद्र सिंह निवासी कुठेड़ा जसवालां और हरमेश चंद निवासी जाड़ला कोहड़ी से लकड़ी के कटान एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दोनों कोई भी वैध परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए गगरेट पुलिस को शिकायत सौंपी। सूचना मिलते ही एएसआई मॉन्टी गुलेरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने जब्त लकड़ी, स्कॉर्पियो वाहन और दोनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर संख्या 57/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत मामला दर्ज किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
