चरस का मेन सप्लायर अरेस्ट
नशा तस्करी नेटवर्क की जांच में चिडग़ांव तक पहुंची पुलिस, आरोपी 3 दिन के रिमांड पर
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहड़ू पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। 509 ग्राम चरस बरामदगी मामले में पुलिस ने अब इस खेप के मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला 18 मई 2026 का है, जब थाना रोहड़ू के डिटेक्शन सेल की टीम माखीनाला क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की में रखे एक कैरी बैग से 509 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया था।
उनकी पहचान लोअर खलीनी, शिमला निवासी 27 वर्षीय जितेंद्र ठाकुर और 25 वर्षीय राजन ठाकुर के रूप में हुई थी। मामले की आगे जांच में पुलिस ने चरस की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ और तकनीकी जांच की। जांच में सामने आया कि यह खेप चिडग़ांव क्षेत्र से सप्लाई की गई थी। इसके आधार पर पुलिस ने 54 वर्षीय महेंद्र सिंह, निवासी गांव गोकस्वारी, डाकघर गांवसारी, तहसील चिडग़ांव, जिला शिमला को मुख्य सप्लायर के रूप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
