फिर सडक़ से जुड़ गए मंडी-द्रंग और जोगिंद्रनगर

By: Jun 29th, 2026 12:51 am

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने किया वैली सस्पेंशन ब्रिज का शुभारंभ, 12 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण
निजी संवाददाता- कोटली
ब्यास नदी पर बीती बरसात में बहे पुल के स्थान पर सस्पेंशन ब्रिज बनाया गया है। इस पुल के बनने से मंडी सदर और जोगिंद्रनगर आपस में सडक़ मार्ग से जुड़ गए हैं। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी सदर उपमंडल की ग्राम पंचायत कोट तुंगल के कून का तर में लगभग 1208.75 लाख रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। मंत्री ने 825 लाख रुपए की लागत से ब्यास नदी पर निर्मित वैली सस्पेंशन ब्रिज का शुभारंभ किया। वर्ष 2023 की भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान व्यास नदी में आई बाढ़ में यह पुल बह गया था। नए पुल के निर्माण से जोगिंद्रनगर, मंडी सदर तथा द्रंग विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। इस अवसर पर उन्होंने 275.97 लाख रुपए की लागत से निर्मित 5.500 किलोमीटर जबलाही नाला, बरनोटा, कडक़ोह सडक़ का भी उद्घाटन किया।

इसके अतिरिक्त 107.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित 2 किaलोमीटर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 003से सताहन सडक़ का भी शुभारंभ किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, बेहतर सडक़ संपर्क, परिवहन सुविधाओं के विस्तार तथा रोजगार सृजन के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कून से जोगिंदरनगर सडक़ के उन्नयन के लिए नई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगीए जिसके आधार पर सडक़ निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित सडक़ सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मंडी, जोगिंदरनगर वाया कोटली मार्ग पर सभी बस सेवाएं शीघ्र पुन: आरंभ की जाएंगी। इसके लिए स्थानीय प्रशासन एवं हिमाचल पथ परिवहन निगम को आवश्यक दिशा.निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App